स्कूल के खेल मैदान में प्रदर्शनी लगाने की तैयारी
चांदपुर (बिजनौर) इसे प्रदर्शनी के आयोजकों की मनमानी कहें या फिर अधिकारियों की अनदेखी। हल्दौर रोड पर स्थित वैदिक कन्या इंटर कालेज के खेल मैदान में प्रदर्शनी लगाने की तैयारी जोरों पर चल रही है।
चांदपुर, (बिजनौर) : इसे प्रदर्शनी के आयोजकों की मनमानी कहें या फिर अधिकारियों की अनदेखी। हल्दौर रोड पर स्थित वैदिक कन्या इंटर कालेज के खेल मैदान में प्रदर्शनी लगाने की तैयारी जोरों पर चल रही है। बताया जाता है कि न विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रदर्शनी लगाने की अनुमति है और न ही प्रशासन की ओर से। बावजूद इसके मैदान में झूले व अन्य सामान लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। कहा जाए तो कानून व नियमों को ताक पर रखते हुए इस प्रदर्शनी के आयोजन कराने की तैयारी की जा रही है।
बता दें कि हल्दौर मार्ग पर वैदिक कन्या इंटर कालेज का खेल मैदान है। कई वर्षों से रखरखाव व देखरेख न होने के चलते वहां पर ऊंची-ऊंची झाड़ियां उगी नजर आती थीं। खास बात यह है कि अरसे से यहां पर न तो किसी खेल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ और न ही अन्य कार्यक्रम आयोजित हुए। लेकिन, खेल मैदान में अब बड़े आयोजन की तैयारी की जा रही है। बताया जाता है रातोंरात मैदान की सफाई करा दी गई और पिछले कुछ दिनों से यहां पर प्रदर्शनी लगाने की तैयारी जोरों पर चल रही है। यही नहीं मैदान में झूले व अन्य मनोरंजन के सामान भी लगा दिए गए हैं। हैरानी की बात यह है कि इतना सब कुछ होने के बाद भी अधिकारियों ने इसे रोकने की जहमत नहीं उठाई। और तो और यह भी जांच नहीं हुई कि इसकी अनुमति है या नहीं। पिछले दिनों इसकी शिकायत हुई तो अधिकारी भी हरकत में आए। बावजूद इसके प्रदर्शनी लगाए जाने की तैयारी जोरों पर चल रही है। बताया जाता है कि प्रशासन की ओर से अभी प्रदर्शनी लगाने की अनुमति नहीं दी गई है।
बोलीं एसडीएम
एसडीएम संगीता देवी का कहना है कि तहसीलदार व लेखपाल को इसकी जांच के लिए भेजा जाएगा। यदि प्रदर्शनी के आयोजन की अनुमति नहीं है तो प्रदर्शनी नहीं लगने दी जाएगी। अन्यथा आयोजक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रबंधन बोला नहीं दी गई अनुमति
इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन की ओर से भी प्रशासन को लिखित में दिया गया है कि विद्यालय की ओर से खेल मैदान में किसी भी तरह की प्रदर्शनी के लिए अनुमति नहीं दी गई है। न ही किसी की ओर से अनुमति के ली गई है।