दुबई में नौकरी का झांसा देकर आठ लाख की ठगी, तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा
नगीना में दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से आठ लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

HighLights
दुबई में सिविल इंजीनियर की नौकरी का झांसा दिया गया।
फर्जी दस्तावेजों से टूरिस्ट वीजा बनवाकर दुबई भेजा।
संवाद सूत्र, नगीना (बिजनौर)। दुबई में सिविल इंजीनियर की स्थायी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक को टूरिस्ट वीजा पर विदेश भेजने तथा आठ लाख रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
ग्राम नारायणपुर रामजी व हाल निवासी मोहल्ला विश्नोई सराय निवासी अरुण कुमार ने तहरीर में बताया कि उन्होंने मुहल्ला सरायमीर निवासी और स्वयं को सपा नेता बताने वाले शमशाद, उसके भाई दिलशाद तथा दुबई में रह रहे उनके साथी आदिल पर भरोसा कर अपने बेरोजगार पुत्र रिजुल कुमार को विदेश भेजने के लिए चार लाख रुपये खर्च होने की बात पर सहमति जताई।
पीड़ित ने रिश्तेदारों से उधार लेकर दिलशाद को तीन लाख रुपये नकद व 60 हजार रुपये ऑनलाइन दिए तथा उसके कहने पर आदिल के खाते में भी तीन लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए।
आरोपितों ने चार सितंबर 2025 को नौकरी के वीजा के नाम पर फर्जी दस्तावेजों से टूरिस्ट वीजा बनवाकर रिजुल को दुबई भेज दिया, लेकिन वहां न तो नौकरी मिली और न ही उसे वापस बुलाया गया, बल्कि आदिल ने खाने-पीने व वापसी के नाम पर और रुपये ऐंठ लिए।
जान का खतरा होने और दर-दर भटकने के बाद युवक 15 जनवरी 2026 को नौगांवा निवासी जावेद की मदद और करीब चार लाख रुपये अतिरिक्त खर्च कर किसी तरह भारत लौटा, जबकि आरोपितों ने रुपये लौटाने से इन्कार करते हुए धमकी दी।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि एसपी के आदेश पर 18 नवंबर को तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
फाेन पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुकदमा
अफजलगढ़ : गांव हिदायतपुर चौहड़वाला निवासी कृपाल सिंह पुत्र मुरारी सिंह ने बताया कि गांव निवासी राहुल पुत्र चंद्रपाल सिंह फोन पर उसके साथ अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा है। आराेपित ने पूर्व में रक्षाबंधन के दौरान उसे धमकी दी थी।
पीड़ित के मुताबिक आरोपित उससे रंजिश रखता है। जबकि उसका आरोपित से कोई विवाद नहीं है। बताया कि आठ नवंबर को दोपहर 3-23 बजे आरोपित ने फोन कर अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद से लगातार फोन कर उसे परेशान कर रहा है। पीड़ित ने काल रिकार्डिंग होने का दावा करते हुए आरोपित से अपनी जान का खतरा जताया है।
उधर प्रभारी निरीक्षक किशन अवतार सिंह ने बताया कि कृपाल सिंह की तहरीर पर राहुल पुत्र चंद्रपाल सिंह निवासी गांव हिदायतपुर चौहड़वाला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।