तीन दिन से ठप पड़ी गांव की पेयजल आपूर्ति
बिजनौर, जेएनएन। भूतपुरी में आसफाबाद चमन के ओवर हैड टैंक से जुड़े गांव आलमपुर गांवड़ी में तीन दिन से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। यह समस्या पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से उत्पन्न हुई है। ग्रामीणों ने जल निगम के अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग की है। जल जीवन मिशन केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजना के तहत गांव आलमपुर गांवड़ी में हर घर पानी पहुंचाने के लिए नए ओवर हैड टैंक का निर्माण चल रहा है। इसके चलते अब गांव में नई पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। नई पाइप लाइन के लिए खोदे गए गड्डों से पुरानी लाइन का पाइप कई जगह क्षतिग्रस्त गया है। पिछले तीन दिनों से आसफाबाद चमन से पानी की आपूर्ति बंद हो चुकी है, इससे आलमपुर गांवड़ी में पेयजल की किल्लत पैदा हो गई है। सुशील कुमार, मनमोहन सिंह, राहुल कुमार, षट्भुज शर्मा व सतीश कुमार आदि ग्रामीणों ने बताया कि खड़ंजे में मशीनों से खुदाई का कार्य किया जा रहा है, जिससे पाइप लाइन कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं, जल-निगम के जेई शुभम सक्सेना ने बताया कि कर्मचारियों द्वारा गांव में पेयजलापूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। सभी मोहल्लों में पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूरा होते ही नए ओवरहेड टैंक से ग्रामीणों के पाइप कनेक्शनों को जोड़ दिया जाएगा।