ओमेगा-3 और न्यूट्रिशन से भरपूर सरसों तेल के कारोबार से बिजनाैर की दीक्षा ने बनाई पहचान, देशभर में है मांग
Bijnor News: बिजनौर की दीक्षा शर्मा ने कोल्ड प्रेस तकनीक का उपयोग कर उच्च गुणवत्ता वाला सरसों का तेल निकालकर ...और पढ़ें

सरसों का तेल निकालने वाली मशीन के साथ दीक्षा शर्मा
HighLights
बिजनौर निवासी दीक्षा शर्मा ने कोल्ड प्रेस तकनीक से व्यवसाय शुरू किया।
जापानी मशीन से उच्च गुणवत्ता वाला तेल निकालकर सफल उद्यमी बनीं।
स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को रोजगार प्रदान किया।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। गांव फतेहपुर धारा निवासी दीक्षा शर्मा ने खाने की परंपरा को विदेशी तकनीक के साथ जोड़ दिया। उन्होंने लकड़ी घानी की तर्ज पर कोल्ड प्रेस तकनीक से सरसों का तेल निकाला तो कारोबार को पंख लग गए।
उनके तेल की इतनी मांग आ रही है कि सारा सामान उनके गोदाम से हाथोंहाथ उठ जाता है। उनके इस काम के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उन्हें शाबासी दे चुके हैं।
स्वयं सहायता समूह यानी महिलाओं को स्वावलंबी बनाने का सबसे बड़ा साधन। कभी पापड़ और अचार बनाने का काम करने वालीं समूह की महिलाएं अब नए नए काम करके रोजगार प्राप्त कर रही हैं।
अफजलगढ़ के गांव फतेहपुर धारा की गांव की कुशल स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं दीक्षा शर्मा ने देखा कि खाने में सरसों के तेल का प्रयोग सबसे अधिक होता है लेकिन इसकी गुणवत्ता किसी को यकीन नहीं होता। स्थानीय स्पेलर पर तेल निकलवाने पर तेल के अंदर के पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं। उन्होंने सरसों का तेल निकालने के लिए जापानी मशीन लगवाई जो बहुत आधुनिक है।
11 लाख रुपये में आई ये मशीन स्प्रेलर से कहीं अधिक गुणवत्ता का तेल निकालती है जो स्वास्थ्य के लिए भी अच्छा है। महिलाएं बाजार में इस तेल को बेच रही हैं। दीक्षा शर्मा को इससे अच्छी कमाई हो रही है। उन्होंने पांच महिलाओं को रोजगार दिया है। इनमें से सुरजीत कौर और कमलजीत कौर लखपति दीदी क्लब में भी शामिल हैं। वे आसपास के जिलों के अलावा काशीपुर, बिलासपुर से सरसों खरीदती हैं। किसानों को भी फसल के अच्छे दाम मिल जाते हैं।
ऐसे निकलता है तेल
स्पेलर से तेल निकालने पर तेल यह 65 से 70 डिग्री तक गर्म हो जाता है। तेल इतना गरम होने पर उसमें से ओमेगा तीन और फोलिक एसिड खत्म हो जाता है। इससे तेल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है। इस तेल से बहुत झर यानि गंध भी आती है। लेकिन जापानी मशीन से निकलने वाला तेल एकदम ठंडा रहता है। इसके अंदर का कोई तत्व खत्म नहीं होता है।
इन्होंने कहा...
कई स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बहुत अच्छा काम कर रही हैं। दीक्षा शर्मा का कोल्ड प्रेस तकनीक से सरसों का तेल निकालना भी यूनिक आइडिया है। इससे उन्हें लाभ भी मिला है।
मनोज कुमार वर्मा, उपायुक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन
