अश्लील नृत्य देख बेकाबू हुई भीड़, लाठियां भाजीं
बिजनौर : जिला कृषि, औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी में गुरुवार रात स्टार नाइट कार्यक्रम मे
बिजनौर : जिला कृषि, औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी में गुरुवार रात स्टार नाइट कार्यक्रम में जमकर अश्लील परोसी गई। मुख्य दो कलाकारों को छोड़ दें तो बाकी नृतकों ने अश्लील डांस किया। इस पर भीड़ बेकाबू हो गई और हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान हुई मारपीट में कई घायल हुए। भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को लाठी भांजनी पड़ीं। कुछ दिन पूर्व हुए म्यूजिकल नाइट कार्यक्रम में भी इसी तरह बवाल हुआ था। इसके बावजूद आयोजकों ने सबक नहीं लिया।
प्रत्येक वर्ष नुमाइश में नगर पालिका की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है। गुरुवार रात इंदिरा बाल भवन में स्टार नाइट कार्यक्रम था। इसके अध्यक्ष सभासद कमलेश देवी, मनोज ठाकुर व गुलाब अहमद थे। कार्यक्रम में अभिनेत्री महक चहल व हरियाणवी डांसर अंजली राघव के कार्यक्रमों ने समां बांधा। महक चहल को देखने के लिए दर्शकों में काफी उत्साह था। हर कोई अभिनेत्री को नजदीक से देखना चाहता था। महक फिल्म वांटेड व यमला पागल दीवाना में अभिनय कर चुकी हैं। महक व अंजली राघव के कार्यक्रम को छोड़ दें तो अन्य डांसरों ने मंच से जमकर अश्लीलता परोसी। भौंडे कपड़ों में अश्लील नृत्य किया गया। अश्लील डांस देखकर कई बार दर्शक बेकाबू हो गए। इस दौरान कुर्सियां चली और खूब हंगामा भी हुआ। मारपीट में कई घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर भीड़ को काबू किया। इस दौरान पुलिस ने बाहरी लोगों को खदेड़ा। कई बार अराजकता का माहौल पैदा हो गया। कार्यक्रम स्थल पर तोड़फोड़ के दौरान दर्जनों कुर्सियां भी टूट गई। शहर कोतवाल बिजेंद्रपाल राणा ने बताया कि कुछ युवकों ने हंगामा किया है। उन्हें शांत कर दिया गया।
पहले भी हुआ था बवाल
कुछ दिन पूर्व म्यूजिकल नाइट में भी इसी तरह बवाल हुआ था। जमकर कुर्सियां चली थी और कई लोग चोटिल हुए थे। इसके बावजूद सांस्कृतिक कार्यक्रमों के नाम पर इस तरह के अश्लील नृत्य पर रोक नहीं लग रही है।
इन्होंने कहा..
प्रदर्शनी में भौंडे कार्यक्रम नहीं होने दिए जाएंगे। इस मामले की जांच कराई जाएगी और कार्रवाई होगी।
- विनोद कुमार गौड़, एडीएम प्रशासन।