विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जल्द ही बदलेगी चादंपुर-नूरपुर मार्ग की सूरत, 38.68 करोड़ से होगा मार्ग का चौड़ीकरण... शासन को भेजा प्रस्ताव

By Sachin Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 29 Nov 2026 05:59 PM (IST)

चांदपुर-नूरपुर मार्ग के चौड़ीकरण का 38.68 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिससे 10.6 किमी सड़क 7-10 मीटर चौड़ी होगी। 

चांदपुर-नूरपुर मार्ग पर बने गड्ढे के पास से गुजरते वाहन। जागरण

चांदपुर-नूरपुर मार्ग पर बने गड्ढे के पास से गुजरते वाहन। जागरण 

HighLights

  1. चांदपुर-नूरपुर मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा।

  2. 38.68 करोड़ की लागत से 10.6 किमी सड़क चौड़ी होगी।

  3. खराब सड़क और ट्रैफिक जाम से मिलेगी क्षेत्र को राहत।

संवाद सहयोगी, जागरण चांदपुर (बिजनौर)। यदि सब कुछ सही रहा तो जल्द ही चादंपुर-नूरपुर मार्ग की सूरत बदल जाएगी। लोनिवि की ओर से इसके लिए 38.68 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। प्रस्तावित मार्ग को सात से 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। अधिकारियों की मानें तो प्रस्ताव शासन तक पहुंच चुका है और जल्द ही इस पर मुहर लग सकती है। जिसके बाद मार्ग पर कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

बहसूमा-ठाकुरद्वारा-जसपुर स्टेट हाईवे के अंतर्गत चांदपुर से नूरपुर तक करीब 10.6 किलोमीटर तक सड़क बहुत खराब हो चुकी है। यही नहीं, ट्रैफिक भी लगातार बढ़ने से कई बार जाम भी लग जाता है। इन दिनों तो सड़क में बहुत अधिक गड्ढे बन चुके हैं। खास बात यह है कि चांदपुर के चौधरी चरण सिंह चौक से नूरपुर के झंडा चौक तक कई गांव के अलावा इंडस्ट्रीज व सरकारी कार्यालय भी पड़ते हैं। लंबे समय से मार्ग के चौड़ीकरण की मांग भी लगातार उठती आ रही थी। अब चरण सिंह चौक से झंडा चौक तक 10.6 मार्ग के चौड़ीकरण होने की उम्मीद जग गई है।

दरसअल, लोनिवि बिजनौर के अधिशासी अभियंता की ओर से जून माह में इस सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेजा गया था। जिसमें 38.68 करोड़ का प्रस्तावित बजट और मार्ग को सात से दस मीटर चौड़ा करना दर्शाया गया। तब से यह प्रस्ताव लंबित था। लेकिन, अब हाल ही में यह प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता की ओर से प्रमुख सचिव तक पहुंच गया है।

अधिशासी अभियंता हेमंत प्रताप सिंह ने बताया कि चांदपुर-नूरपुर मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन तक पहुंच गया है। जल्द ही इसके पास होने की उम्मीद है। यह मार्ग केंद्रीय मार्ग निधि योजना के अंतर्गत भेजा गया था। मार्ग के चौड़ीकरण से क्षेत्र के लोगों को बहुत सहूलियत मिलेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।