बिजनौर: आखिरकार बिलाई मिल ने किया पिछले सत्र का पूरा भुगतान; 20,000 से अधिक किसानों ने गन्ना नहीं देने का किया था ऐलान
बिजनौर की बजाज ग्रुप की बिलाई चीनी मिल ने पिछले पेराई सत्र का किसानों का शत प्रतिशत गन्ना भुगतान कर दिया है। किसानों ने इस सीजन में मिल को 38 करोड़ रुपये का गन्ना बेच दिया है।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
बिलाई चीनी मिल ने शत प्रतिशत गन्ना भुगतान किया।
किसानों के खातों में सोमवार को पैसा पहुंचेगा।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। बजाज ग्रुप की बिलाई चीनी मिल ने शुक्रवार को किसानों का शत प्रतिशत भुगतान कर दिया है। सोमवार को यह पैसा किसानों के खातों में चला जाएगा। किसानों ने इस सीजन में भी मिल को 38 करोड़ रुपये का गन्ना बेच दिया है। इसका भुगतान अब जाकर शुरू होगा।
बरकातपुर चीनी मिल पिछले कई वर्षाें से किसानों के गन्ना भुगतान में लगातार पिछड़ रही है। पिछले वर्ष मिल को किसानों ने 332 करोड़ रुपये का गन्ना बेचा था। मिल ने अब तक गन्ना भुगतान नहीं किया था। कई गांवों के किसानों ने मिल को गन्ना देने से साफ इंकार कर दिया था। भाकियू अराजनैतिक के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने ने मिल के खिलाफ किसानों से शपथ पत्र भरवाने का अभियान शुरू किया था।
20 हजार से अधिक किसानों ने मिल को गन्ना न देने के लिए शपथ पत्र भरा था। डीसीओ ब्रजेश कुमार की मौजूदगी में भाकियू के साथ हुई बैठक में बिलाई मिल प्रशासन ने मिल चलने के 15 दिन के अंदर भुगतान करने की बात कही थी। मिल ने आखिरकार शुक्रवार को समस्त गन्ना भुगतान कर दिया।
बिजनौर समिति से जुड़े किसानों का 5.81 करोड़ रुपये का भुगतान शुक्रवार को किया गया। हालांकि दो दिन बैंकों की छुट्टी होने के कारण यह पैसा सोमवार को किसानों के खातों में पहुंचेगा। हल्दौर, धामपुर और चांदपुर समिति के किसानों का शत प्रतिशत भुगतान पहले ही कर दिया गया था। दिगंबर सिंह ने बताया कि मिल से चालू पेराई सत्र के भुगतान के लिए भी लगातार दबाव बनाया जाएगा। मिल के चीनी, शीरे व खोई पर भी नजर रखी जाएगी।
बिलाई मिल ने पुराने सत्र का भुगतान कर दिया है। अब मिल द्वारा नया भुगतान शुरू किया जाएगा। बिलाई को छोड़कर बाकी सभी मिल बहुत अच्छा भुगतान किसानों को कर रही हैं।
ब्रजेश कुमार पटेल, जिला गन्ना अधिकारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।