विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजनाैर में बनेगा आधुनिक ऑडिटोरियम, 650 से अधिक लोगों के एक साथ बैठने की होगी क्षमता

By Rajnarayan Kaushik Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 26 Nov 2026 05:38 PM (IST)

डीएम जोगिंदर सिंह ने बिजनौर में विकास कार्यों की समीक्षा की और ईओ को आधुनिक ऑडिटोरियम बनाने की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने ऑनलाइन टैक्स कलेक्शन, अवैध कब्जों पर कार्रवाई, सौंदर्यीकरण और अवैध होर्डिंग पर रोक लगाने जैसे कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. डीएम ने ऑडिटोरियम निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।

  2. अवैध कब्जों और होर्डिंग पर सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए।

जागरण संवाददाता, बिजनौर। डीएम जोगिंदर सिंह ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में निकायाें में चल रहे विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने ईओ बिजनौर को निर्देशित किया कि वह शहर में 650 से अधिक लोगों के एक साथ बैठने की क्षमता वाले आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण की कार्ययाेजना तैयार करें, ताकि लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।

उन्होंने कहा कि सभी निकाय ऑनलाइन टैक्स कलेक्शन की व्यवस्था एक माह के भीतर पूरी करें, क्योंकि 16 दिसंबर से ऑफलाइन पत्रावली स्वीकार नहीं की जाएगी। डीएम ने निकायों में अवैध कब्जों करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई किए जाने और किसी भी निकाय क्षेत्र में अवैध साप्ताहिक बाजार संचालित पर रोक लगाए जाने की हिदायत दी।

उन्होंने सभी पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों में आकर्षक प्रवेश द्वारों का निर्माण, पौधारोपण, पार्कों का विकास, इंटरलसकिंग एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्य कराए जाने की हिदायत दी। इसके अलावा उन्होंने दो माह के भीतर तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित ऑडिट आपत्तियों का निस्तारण कराए जाने, निकायों में अवैध होर्डिंग एवं यूनिपोल लगाए जाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्देशित किया कि होर्डिंग एवं यूनिपोल से प्राप्त होने वाले राजस्व को व्यवस्थित करने के लिए नई व्यवस्था विकसित लागू कराए जाने और प्रत्येक अधिकृत होर्डिंग एवं यूनिपोल पर बारकोड अनिवार्य रूप से लगाए जाने के भी निर्देश दिए। बैठक में एडीएम प्रशासन अंशिका दीक्षित समेत सभी निकायों के अधिशासी अधिकारी मौजूद थे।

डीएम ने अधिकारियों व कर्मचारियों को दिलाई संविधान की शपथ

संविधान दिवस के मौके पर गुरुवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में डीएम जोगिंदर सिंह ने कलक्ट्रेट परिसर में संचालित कार्यालयों में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान का पालन करने की शपथ दिलाई। इस मौके पर डीएम ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है।

संविधान प्रत्येक व्यक्ति को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के मूलभूत सिद्धांतों के साथ-साथ नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों का बोध कराता है। संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। इस माैके पर एडीएम प्रशासन अंशिका दीक्षित, एडीएम न्यायिक शरद कुमार पाल, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रज्ञा यादव सहित सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।