गजब चोरी! बिजनौर में विधायक के कर्मचारी बनकर आए और हाईमास्ट लाइट खोल कर ले गए चोर
बिजनौर के सरकड़ा गांव में दो चोरों ने खुद को भाजपा विधायक अशोक कुमार राणा का कर्मचारी बताकर हाईमास्ट लाइटें ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
चोरों ने विधायक के कर्मचारी बनकर लाइटें चुराईं।
ग्रामीणों को झांसा देकर छह हाईमास्ट लाइटें ले गए।
धोखाधड़ी का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
जागरण संवाददाता, धामपुर (बिजनौर)। स्योहारा मार्ग स्थित गांव सरकड़ा चकराजमल में चोरी का गजब मामला सामने आया है। दो चोर यहां से गांव के मुख्य मार्ग पर मंदिर के बाहर लगी हाईमास्ट लाइट के पोल से छह छोटी लाइटें खोल कर ले गए। बड़ी बात यह है कि दोनों चोरों ने स्वयं को स्थानीय भाजपा विधायक अशोक कुमार राणा का कर्मचारी बताया, जिसके चलते ग्रामीणों ने उन्हें लाइट खोलने दी। चोरों ने कहा कि यहां बड़ी लाइट लगनी है, इसीलिए लाइट खुलवाई जा रही है।
गांव सरकड़ा निवासी संजीव कुमार, हेमेंद्र चौहान, मुकेश व हेमंत आदि ने बताया कि गांव के मुख्य द्वार पर श्रीबाबा जाहरवीर म्हाड़ी मंदिर बना है इसके बाहर कुछ माह पहले स्थानीय भाजपा विधायक अशोक कुमार राणा की ओर से हाई मास्ट लाइट लगवाईं गई थी। जिसमें अलग-अलग छह छोटी लाइट लगी हुई थीं। ग्रामीणों के मुताबिक बुधवार दोपहर बाइक से दो लोग आए उन्होंने लाइट खोलने को कहा। जब ग्रामीणों ने पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह विधायक अशोक कुमार राणा के यहां से आए हैं।
मंदिर के बाहर बड़ी लाइट लगनी है, इसलिए यह खोल कर ले जानी है। विधायक का नाम सुनकर ग्रामीणों ने दोनों लोगों को लाइट खोलने दी, जिसके बाद उन्होंने पोल पर चढ़कर वहां लगी 6 लाइट खोल कर ले गए। लेकिन जब देर शाम तक भी दोनों नहीं लौटे तो ग्रामीणों ने विधायक के यहां पूछताछ की, इस पर पता लगा कि उन्होंने कोई लाइट नहीं खुलवाई है। तब जाकर ग्रामीणों को अहसास हुआ कि दोनों चोर झूठ बोलकर विधायक के नाम से लाइट चोरी कर ले गए हैं, ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी है।