घर के सामने से नाली-सड़क न बनीं तो टंकी पर जा चढ़ी शिक्षिका, मान-मनौव्वल पर भी न मानी... प्रधान पर लगाए गंभीर आरोप
शिक्षिका मीनाक्षी देवी बिजनौर में अपने घर के सामने सड़क और नाली न बनने से कीचड़ के विरोध में पानी ...और पढ़ें

बिजनौर के गांव हमीदपुर में टंकी पर चढ़ी महिला व मौके पर खड़े लोग। जागरण
HighLights
शिक्षिका मीनाक्षी देवी सड़क-नाली न बनने से टंकी पर चढ़ीं।
ग्राम प्रधान पर चुनावी रंजिश का आरोप लगाया शिक्षिका ने।
सड़क निर्माण के आश्वासन तक उतरने से शिक्षिका का इनकार।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। घर के सामने सड़क और नाली न बनने से कीचड़ होने के विरोध में एक निजी स्कूल में शिक्षिका पानी की टंकी पर जा चढ़ी। शिक्षिका ने रास्ते की दुर्दशा बताने के लिए डीएम और विधायक को मौके पर बुलाने की मांग की। शिक्षिका का आरोप है कि ग्राम प्रधान ने अपने मकान के सामने ऊंची कर सड़क बनवा ली, जबकि उनके घर के सामने सड़क तो क्या नाली तक नहीं बनवाई। महिला ने सड़क निर्माण का पक्का आश्वासन न मिलने तक टंकी से उतरने से इन्कार कर दिया।
मंडावर रोड स्थि गांव हमीदपुर निवासी अरविंद सिंह की पत्नी मीनाक्षी देवी बिजनौर पब्लिक स्कूल में शिक्षिका हैं। बुधवार दोपहर लगभग दो बजे मीनाक्षी देवी अपने घर के पीछे स्थित पानी की टंकी पर जा चढ़ीं। शिक्षिका ने शोर मचाकर गांव वालों को एकत्र कर लिया और डीएम को बुलाने की मांग करने लगीं। सूचना पर शहर कोतवाल अवनीत मान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मीनाक्षी देवी को समझा बुझाकर नीचे उतरने को कहा तो मीनाक्षी ने साफ इन्कार कर दिया।
मीनाक्षी देवी ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान अमरकली देवी उनके परिवार से चुनावी रंजिश रखती हैं। ग्राम प्रधान ने अपने घर के आगे ऊंची करके सड़क बना ली जबकि उनके घर के आगे सड़क नीची है और नाली भी नहीं है। बरसात और घर से रोजमर्रा में निकलने वाला पानी सड़क पर जमा रहता है। सड़क कीचड़ का तालाब बन गई है। वहां अन्य लोगों के भी घर हैं, लेकिन ग्राम प्रधान और उनका बेटा किसी की बात नहीं सुन रहे। वे दिन रात कीचड़ भरे पानी से ही निकलने को मजबूर हैं। शहर कोतवाल ने मीनाक्षी के बच्चों इशू और अर्थ तथा पति अरविंद सिंह से भी मीनाक्षी से नीचे उतरने की अपील कराई लेकिन वह टस से मस नहीं हुई।
मामला प्रशासन के संज्ञान में है
महिला के परिवार ने सड़क के बीच में शौचालय के गड्ढ़े बनवा रखे हैं। वे चाहते हैं कि उनके घर के आगे सड़क कम चौड़ी बने। पूरा मामला प्रशासन के संज्ञान में है। पूर्व में तहसीलदार भी गांव में आकर जांच कर चुके हैं। महिला इंटरनेट मीडिया पर वीडियो बनाती है। वह फेमस होने और अपनी नाजायज मांग मनवाने के लिए हंगामा कर रही है।-
ओमकार राणा, ग्राम प्रधान