विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजनौर में पेट्रोलियम पदार्थ लेकर जा रही टैंकर मालगाड़ी हुई डिरेल, बड़ा हादसा टला

Published: Sat, 05 Sep 2026 08:06 AM (GMT+05:30)

बिजनौर के आदर्श नगर में पेट्रोलियम डिपो के पास एक टैंकर मालगाड़ी पटरी से उतर गई, जिससे रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

नजीबाबाद के आदर्श नगर में डिरेल हुई मालगाड़ी की जांच करते रेलवे अधिकारी

नजीबाबाद के आदर्श नगर में डिरेल हुई मालगाड़ी की जांच करते रेलवे अधिकारी

HighLights

  1. बिजनौर में पेट्रोलियम टैंकर मालगाड़ी के दो पहिये पटरी से उतरे।

  2. आदर्श नगर स्थित पेट्रोलियम डिपो के पास हुई यह घटना।

  3. कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, रेलवे टीम ट्रैक बहाली में जुटी।

संवाद सहयोगी, बिजनौर। आदर्श नगर क्षेत्र स्थित पेट्रोलियम डिपो के पास पेट्रोलियम पदार्थ लेकर जा रही टैंकर मालगाड़ी के डिरेल होने से रेलवे अधिकारी-कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मालगाड़ी के एक वैगन के दो पहिये पटरी से उतरने जांच में सामने आया।

सूचना पर रेलवे की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक को दुरुस्त करने और मालगाड़ी को ट्रैक पर चढ़ाने का काम शुरू कर दिया। पेट्रोलियम पदार्थ से भरे टैंकर होने के कारण घटना को गंभीर माना जा रहा है। हालांकि, गनीमत रही कि किसी तरह का बड़ा हादसा नहीं हुआ।

शुक्रवार की शाम रेलवे कर्मचारी-अधिकारियों को पेट्रोलियम डिपो के निकट टैंकर मालगाड़ी के पटरी से उतरने की सूचना मिली। रेलवे रैक में टैंकरों के माध्यम से पेट्रोलियम पदार्थ लाया जा रहा था। डिपो के पास पहुंचने के दौरान मालगाड़ी के दो पहिये झटका लगने से पटरी से उतर गए।

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन में खलबली मच गई। संबंधित तकनीकी विभाग की टीमों को तत्काल मौके पर भेजा गया। रेलवे कर्मचारियों ने डिरेल हुए पहियों को पटरी पर लाने और ट्रैक को सुरक्षित बनाने की कवायद शुरू की।

घटना के बाद रेलवे प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। रेलवे स्टेशन अधीक्षक आरडी मीणा ने बताया कि तकनीकि टीम ट्रैक बहाली करने में जुटी है। हालांकि अब सब कुछ सामान्य हो गया है। हालांकि यह आउटर ट्रक है। इस कारण यहां कोई अन्य ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ। अभी मालगाड़ी को ट्रैक पर चढ़ाने का प्रयास जारी है।

पेट्रोलियम पदार्थ टैंकर में भरा होने से रही दहशत

आदर्श नगर क्षेत्र में पेट्रोलियम डिपो होने के कारण यह इलाका संवेदनशील माना जाता है। डिपो में पेट्रोलियम पदार्थ पहुंचाने के लिए रेलवे के माध्यम से टैंकरों वाली मालगाड़ियों का संचालन होता है।

ऐसे में पेट्रोलियम पदार्थ से लदी मालगाड़ी के पहिये पटरी से उतरने की घटना से बड़ी दुर्घटना की आशंका पैदा हो गई थी। यदि टैंकर क्षतिग्रस्त होते या किसी प्रकार का रिसाव होता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी बड़े हादसे या नुकसान की सूचना नहीं है।

यह भी पढ़ें- अग्निवीर भर्ती में युवाओं का जोश हाई; मेरठ, बिजनौर, हापुड़ और बुलंदशहर के 834 अभ्यर्थी सफल