विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजनौर-बदायूं स्टेट हाईवे पर जाम लगाने वाले 60 लोगों पर मुकदमा दर्ज, हादसे में मां-बेटी की मौत से थे आक्रोशित  

By Sachin Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 27 Nov 2026 06:16 PM (IST)

Bijnor News: बिजनौर में ट्रैक्टर-ट्रॉली और गन्ना लदे ट्रक की टक्कर में मां-बेटी की मौत के बाद हाईवे जाम करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। 

News Article Hero Image

HighLights

  1.  बुधवार को मां-बेटी के शव रखकर साढ़े पांच घंटे लगाया था जाम।

  2.  वीडियो व फोटो के आधार पर आरोपितों की जा रही है पहचान।

संवाद सहयोगी, चांदपुर (बिजनौर)। गन्ना लदे ट्रक की टक्कर में ट्रैक्टर सवार मां-बेटी की मौत के बाद उनके शव हाईवे रखकर पर जाम लगाने के मामले में पुलिस ने 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस द्वारा मौके पर बनाए गए वीडियो व फोटो के आधार पर आरोपितों की पहचान कर रही है। मुकदमा दर्ज होने से मौके पर मौजूद रहे नेताओं व ग्रामीणों में रोष है।

बीते मंगलवार को गंगा स्नान पर गांव अकबरपुर झोझा निवासी नीेलेश सैनी परिवार के साथ नारनौर गंगा घाट से ट्रैक्टर ट्राली से लौट रहा था। गांव अकबरपुर सीमली के पास पहुंचते ही धामपुर शुगर मिल के गन्ना लदे ओवरलोड ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी थी।

हादसे में नीलेश की पत्नी विमलेश व आठ वर्षीय पुत्री निधि मौत हो गई थी। जबकि, नीलेश समेत छह लोग घायल हो गए थे। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को स्वजन व ग्रामीणाें ने मां-बेटी के शवों को बिजनौर-बदायूं स्टेट हाईवे पर हरपुर माेड़ पर रखते हुए जाम लगा दिया था।

11 से लेकर साढ़े चार बजे तक हाईवे जाम रहा था। बाद में राजनेताओं के दखल के बाद धामपुर शुगर मिल अधिकारियों ने 11 लाख का चेक देने के साथ-साथ घायलों के इलाज का जिम्मा लिया था। उसके बाद जाम खुला था।

अब पुलिस ने जाम लगाने वाले ग्रामीणों व स्वजन के खिलाफ कार्रवाई की है। कोतवाल सुधीर पवार ने बताया कि अंबेडकर चौकी इंचार्ज रोबिन कौशिक की तहरीर पर 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। वीडियो के आधार पर लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी भी की जाएगी।

राजनेताओं की गुहार को किया दरकिनार

हाईवे पर जाम लगने के बाद भाजपा नेता व पूर्व विधायक कमलेश सैनी, सपा नेता जिला पंचायत सदस्य सरिता सैनी, लोकदल नेता डा. भूपेंद्र तोमर, प्रमोद सूर्या आदि नेता मौके पर पहुंचे थे।

उन्होंने जाम लगाने वालों को समझाने के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाई थी कि जाम लगाने वाले किसी भी व्यक्ति पर मुकदमा नहीं किया जाना चाहिए। बार-बार वह अधिकारियों से यही कह रहे थे।

अचानक मुकदमा दर्ज होने से नेताओं में भारी गुस्सा है। कमलेश सैनी व डा. भूपेंद्र तोमर ने कहा कि यह पुलिस की सरासर मनमानी है। पीड़ित लोगों पर ही मुकदमा दर्ज किया गया है।

सवाल, आखिर क्यों निकलने दिए गए भारी वाहन

गंगा स्नान पर मेले वाले स्थलों पर जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों के संचालन पर पूरी तरह रोक लगाई गई थी। लेकिन, इस मार्ग पर गन्ने का ओवरलोड ट्रक क्यों गुजारा गया। यह सवाल स्थानीय पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली व मनमानी को उजागर कर रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।