बिजनौर में स्कूल जा रहे कक्षा तीन के छात्र की दीवार गिरने से मौत, अन्य बच्चे बाल-बाल बचे
Bijnor News: बिजनौर के काजीवाला गांव में स्कूल जा रहे कक्षा तीन के छात्र की दीवार गिरने से मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया।

ईशु का फाइल फोटो
HighLights
स्कूल प्रबंधक व पूर्व प्रधान के घेर की दीवार अचानक गिरी।
दोनों पक्षों में हुआ समझौता, पुलिस से नहीं की शिकायत।
संवाद सूत्र, नगीना (बिजनौर)। गांव काज़ीवाला निवासी कक्षा तीन का छात्र मंगलवार की सुबह स्कूल जाने के लिए अपने घर से निकला था। रास्ते में स्कूल के प्रबंधक और पूर्व प्रधान के घेर की दीवार अचानक गिर गई। मलबे में दबकर छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पूर्व प्रधान ग्रामीणों के साथ छात्र को चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।
गांव चमरावाला निवासी गोपाल गुर्जर का नौ वर्षीय पुत्र ईशु गांव काजीवाला स्थित श्री गिरिवर सिंह आदर्श जूनियर हाई स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। मंगलवार की सुबह वह अपने पड़ोसी बच्चों और भाई के साथ स्कूल जाने के लिए घर से निकला। रास्ते में स्कूल के प्रबंधक और पूर्व ग्राम प्रधान मोहन सिंह के घेर के पास जैसे ही वह पहुंचा।
तभी अचानक घेर की चाहरदीवारी की दीवार गिर गई। अन्य बच्चे बाल-बाल बच गए। लेकिन ईशु पर दीवार का मलबा आ गिरा। मौके पर मची चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर आए और मलबे में दबे बच्चे को बाहर निकाला। इस बीच पूर्व प्रधान भी मौके पर पहुंचे और घायल को चिकित्सक के पास ले गए और स्वजन को सूचना दी।
चिकित्सक के पास पहुंचते ही बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत से स्वजन में कोहराम मच गया। बाद में ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों पक्षों में समझौता हो गया और पुलिस से शिकायत नहीं की गई।
सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
भूतपुरी: गांव महसनपुर निवासी अमन कुमार अपने बहनोई रवि कुमार निवासी शाहपुर जमाल के साथ काशीपुर स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था। सोमवार सुबह दोनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। दोनों को महसनपुर में आयोजित एक जन्मदिन समारोह में शामिल होना था।
मोहम्मदपुर राजोरी में एसवीएस डिग्री कालेज के पास ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। अमन को गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश ले जाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई।
