विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजनौर में कई जगह विवाद: समझौता करने के बहाने बुलाकर हमला, मारपीट के वीडियो भी वायरल

By Virendra Rana Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 09 Mar 2026 05:05 PM (IST)

Bijnor News : बढ़ापुर में दो गुटों की मारपीट में एक दस वर्षीय बालक घायल हो गया, जिसका वीडियो वायरल ...और पढ़ें

बढ़ापुर के मुहल्ला नौमी में मारपीट करते युवक l वीडियो ग्रैब

बढ़ापुर के मुहल्ला नौमी में मारपीट करते युवक l वीडियो ग्रैब

HighLights

  1. बढ़ापुर में दो गुटों की मारपीट में बालक घायल।

  2. चांदपुर में बीच-बचाव करने वाले का अंगूठा काटा।

जागरण टीम, बिजनौर। जिले में कई जगह मारपीट के मामले सामने आए हैं। 

बढ़ापुर के मुहल्ला नौमी में शनिवार देर शाम युवकों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर जमकर मारपीट हुई। किसी ने इंटरनेट पर मारपीट का वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो में एक व्यक्ति भी मारपीट करता दिखाई दे रहा है और एक युवक डंडे से मारपीट करता दिखाई दे रहा है। इस दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई।

वही मुहल्ला लालसराय निवासी मोहम्मद वसीम का दस वर्षीय पुत्र मोहम्मद शाद वहीं पर खड़ा हुआ था। तभी वह मारपीट करने वालों की चपेट में आकर घायल हो गया। घायल के पिता वसीम ने झगड़ा करने वालों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक सर्वेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर मिल गई है। इस मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बीचवचाव करने पहुंचे ग्रामीण से मारपीट, मुंह से काटा अंगूठा

चांदपुर क्षेत्र के ग्राम सब्दलपुर खुर्द निवासी ओमप्रकाश सिंह ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि दो दिन पूर्व शाम के समय गांव के रहने वाले सुन्दर पुत्र राजपाल का गांव के ही रहने वाले संजय, पवन तथा उसके भाई पुष्पेन्द्र से विवाद हो रहा था। ओमप्रकाश सिंह उनका बीचवचाव करने पहुंचे थे।

आरोप है कि इस दौरान संजय व पवन ने उसे पकड़ लिया तथा मारपीट की। इस दौरान पुष्पेन्द्र ने दांतों से ओम प्रकाश का मुंह से अंगूठा काट लिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपितों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।

मारपीट व धक्का-मुक्की का वीडियो वायरल

धामपुर तहसील परिसर में स्थित रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर शनिवार को कुछ लोगों में धक्का-मुक्की व मारपीट हो गई। इसकी एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गई। जिसमें एक महिला व तीन-चार लोग धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान कुछ लोगों ने उनकी वीडियो बना ली। शनिवार को तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस भी था, जिसके चलते भीड़ अधिक थी।

बताया गया है कि धक्का-मुक्की करने वाले रजिस्ट्री कार्यालय में बैनामा कराने आए थे, इसी दौरान उनमें कुछ विवाद हो गया था। हालांकि बाद में वह लोग चले गए, उन्होंने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है। वहीं कोतवाल मृदुल कुमार ने बताया कि ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं है।

समझौते के लिए बुलाकर मारपीट

नहटौर क्षेत्र के गांव निवासी एक युवक ने गांव की ही एक युवती के साथ शुक्रवार को छेड़छाड़ कर दी थी। युवती ने इसकी जानकारी अपने स्वजन को दी। इस पर युवती के स्वजन ने शनिवार को युवक के स्वजन को समझौता करने के बहाने अपने घर बुलाया।

आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडों से युवक पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया। इसमें दलवीर, जोगेन्द्र, कृष्ण और कुसुम घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। घायलों की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। वहीं अपराध निरीक्षक विपिन चौधरी ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।