दीपावली पर घर सजाने का अरमान रह गया अधूरा, दुकान के बाहर HT लाइन से टकराया स्टील का पाइप; करंट लगने से युवक की मौत
बिजनौर के राजा का ताजपुर में एक युवक दुकान से स्टील का पाइप लेकर निकल रहा था। पाइप हाईटेंशन तार ...और पढ़ें

अमित कुमार का फाइल फाेटो
HighLights
कस्बा राजा का ताजपुर में हुआ हादसा।
पाइप खरीदने ताजपुर आए थें अमित।
संवाद सूत्र, राजा का ताजपुर (बिजनौर)। राजा का ताजपुर कस्बे में दीपावली के दिन दुकान से स्टील का पाइप लेकर निकले युवक का पाइप ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन के तार से छू गया। हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आकर युवक गंभीर रूप से झुलस गया। स्वजन इलाज के लिए उसे मुरादाबाद ले गए जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से घर में मनाई जा रही दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं।
रविवार को ग्राम मोहल्ला वाला निवासी अमित कुमार पुत्र पुखराज सिंह दीपावली पर्व पर घर में पर्दा टांगने के लिए स्टील का पाइप खरीदने ताजपुर आए थें। वह डिग्री कालेज के बाहर बनी दुकान से पाइप खरीद कर बाहर निकल रहे थे। अमित ने कंधे के सहारे पाइप खड़ा कर रखा था। दुकान से जैसे बाहर निकले ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन के तारों से पाइप छू गया, जिससे वह हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आकर झुलस गए। मौके पर पहुंचे स्वजन उन्हें इलाज के लिए मुरादाबाद के विवेकानंद हॉस्पिटल ले गए। चिकित्सक ने अमित को मृत घोषित कर दिया। अमित की मौत से परिवार में मनाई जा रही दीपावली की खुशियां गम में बदल गई।
दीपावली पर रिश्तेदारी से लौटते बाइक सवार पर हमला, गंभीर घायल
शेरकोट : नगर के मुहल्ला फतेहनगर निवासी 25 वर्षीय अजय कुमार पुत्र उत्तम सिंह पर रविवार की रात करीब साढ़े नौ बजे नेशनल हाईवे पर स्थित हरेवली तिराहे के निकट कुछ लोगों ने हमला कर दिया। अजय अपने दो दोस्तों के साथ अपनी रिश्तेदारी में दीपावली पर गया था, वहीं से तीनों घर लौट रहे थे।
अजय कुमार ने बताया नेशनल हाईवे पर स्थित हरेवली तिराहे के निकट पहुंचने पर कुछ युवकों ने उस पर हमला कर दिया। जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पुलिस व स्वजन को दी गई। स्वजन सीएचसी धामपुर ले गए, उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया, घायल की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।