विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बारिश के बीच किसानों को राहत, गेहूं की बुआई के लिए मिलेगा अधिक बीज, सरकार ने बढ़ाया कोटा

Published: Mon, 28 Sep 2026 11:00 AM (IST)

बिजनौर में किसानों को इस वर्ष गेहूं का लगभग दोगुना बीज दिया जाएगा, जिसका कोटा बढ़ाकर 14.5 हजार क्विंटल कर दिया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. गेहूं के बीज का कोटा 14.5 हजार क्विंटल किया गया।

  2. किसानों को गेहूं के बीज पर 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा।

  3. अक्टूबर से कृषि विभाग के केंद्रों पर बीज उपलब्ध होगा।

जागरण संवाददाता, बिजनौर। जिले में किसानों को इस वर्ष गेहूं का लगभग दोगुना बीज दिया जाएगा। शासन ने कृषि विभाग को गेहूं के बीज का कोटा बढ़ाकर 14.5 हजार क्विंटल कर दिया है। अक्टूबर में मिलों में पेराई शुरू हो जाएगी। पेराई से कुछ पहले या बाद में किसानों को कृषि विभाग के केंद्रों से बीज मिलने लगेगा। बीज पर किसानों को 50 प्रतिशत अनु़दान भी दिया जाएगा।

जिले में गेहूं का रकबा गन्ने के बाद दूसरे नंबर पर रहता है। किसान लगभग डेढ़ लाख हेक्टेयर भूमि में गेहूं की फसल बोते हैं। कोरोना के समय गेहूं के दाम गिरने से किसानों ने फसल का रकबा भी एक लाख हेक्टेयर से कम कर दिया था लेकिन अब रकबा धीरे धीरे बढ़ाया है।

हालांकि काफी किसान धीरे धीरे गेहूं की बुआई छोड़ते जा रहे हैं। इसका कारण गेहूं वाले खेत में गन्ने की लेट बुआई, श्रमिकों का न मिलना है। इसके निदान पर भी काम किया जा रहा है। बीते वर्ष बरकातपुर मिल ने अपने इलाके में गेहूं की बुआई के साथ ही गन्ने की बुआई की तैयारी शुरू कर दी थी।

इस वर्ष चीनी मिलों का पेराई सत्र पहले शुरू होने जा रहा है। जिले की चार चीनी मिल सितंबर और बाकी अक्टूबर में पेराई शुरू कर देंगी। मिल जल्दी चलेंगी तो खेत भी जल्दी खाली होंगे।

अधिक बीज उपलब्ध कराकर गेहूं का रकबा बढ़ाने के लिए शासन से इस बार किसानों को अधिक बीज दिया जाएगा। आमतौर पर किसानों को साढ़े आठ हजार क्विंटल तक गेहूं का बीज दिया जाता था जिसका कोटा इस बार बढ़ाकर 14.5 क्विंटल कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें- क्या काम करती है बैल्जियम से आई 200 टन की मेगा मशीन? जिसे लेकर बलरामपुर जा रहा 308 पहियों वाला 'महाट्रक'

हाथोंहाथ कट जाएगा अनुदान का पैसा

किसानों को गेहूं के बीज पर सरकार द्वारा 50 प्रतिशत अनुदान मिलता है। पहले ये अनुदान किसान के बैंक खाते में बाद में आता था लेकिन अब गेहूं की खरीदारी के समय ही किसान को अनुदान की राशि नहीं देनी होती। यानी किसान को उतना ही पैसा देना होता है जितना अनुदान की राशि काटकर उसके हिस्से में आता है।

किसानों को गेहूं का बीज अक्टूबर में दिया जाएगा। शासन से इस बार अधिक बीज बांटने का लक्ष्य दिया गया है। किसानों को समय से ही बीज बांटना शुरू कर दिया जाएगा।

                                                                जसवीर सिंह तेवतिया, जिला कृषि अधिकारी