मरीज देख रहे डाॅक्टर की सीने में गोली मारकर हत्या
Bijnor News : बिजनौर के नगीना में शिवालय हेल्थ केयर सेंटर के संचालक डॉ. राजकुमार की उनके केबिन में गोली ...और पढ़ें

HighLights
बिजनौर के नगीना में हुई बाल रोग विशेषज्ञ की हत्या।
युवक ने बच्चे की रिपोर्ट दिखाने के बहाने गोली मारी।
संवाद सूत्र, नगीना (बिजनौर)। नगीना में धामपुर रोड पर शिवालय हेल्थ केयर सेंटर के संचालक व बाल रोग विशेषज्ञ की उनके केबिन में गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक युवक दो साल के बच्चे की रिपोर्ट दिखाने के बहाने के केबिन में आया। इसी दौरान आरोपित ने उनके सीने में गोली मार दी।
अस्पताल कर्मचारी गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी ले गए। जहां उनकी मौत हो गई। सीएचसी प्रभारी का कहना है कि अस्पताल संचालक के सीने में चाकू लगा है। जबकि अस्पताल के स्टाफ ने गोली चलने की आवाज सुनने का दावा किया।
गाजियाबाद के नंदीग्राम थाना क्षेत्र के डी-ब्लाक मकान नंबर 180 के मूल निवासी 38 वर्षीय एमडी डा. राजकुमार बाल रोग विशेषज्ञ थे। डेढ़ साल पहले उन्होंने नगीना में धामपुर रोड पर टेलीफोन एक्सचेंज के पास शिवालय हेल्थ केयर के नाम से अस्पताल खोला था। नीचे क्लीनिक चला रखा था और ऊपर आवास में रहते थे। उनका परिवार गाजियाबाद में रहता है।
गुरुवार शाम करीब सवा सात बजे वह सेंटर में बने अपने केबिन में सहायक डा. मूसा के साथ बैठकर मरीज देख रहे थे। इसी बीच एक युवक कंधे में बैग और सिर पर कैप लगाकर केबिन में आ गया। उसने दो साल के बच्चे देव की रिपोर्ट डा. राजकुमार को दिखाई।
डा. मूसा के अनुसार रिपोर्ट देखने के दौरान युवक ने बैग में से पिस्टल निकालकर गोली मार दी। गोली मारने के बाद आरोपित मौके से भाग गया। सहायक डा. मूसा ने बताया कि डा. राजकुमार के सीने में खून निकल रहा था। शोर मचाने पर सेंटर पर कार्य कर रहे अन्य कर्मचारी मौके पर आए और गंभीर हालत में डा. राजकुमार को सीएचसी ले जाया गया।
जहां जांच के बाद कुछ देर बाद ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एएसपी देहात प्रकाश कुमार, सीओ अंजनी कुमार चतुर्वेदी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। सीएचसी प्रभारी डा. विशाल दिवाकर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सीने में चाकू का निशान है।
पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, पुलिस ने प्रकरण की सूचना मृतक के स्वजन को दे दी है। डा. राजकुमार के परिवार में मां और भाई-बहनें हैं। चिकित्सक की पिता की मृत्यू हो चुकी है।
सीओ ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। चिकित्सक ने मौत का कारण चाकू लगना बताया है। जबकि पूछताछ में सेंटर के कर्मचारियों ने धमाके की आवाज सुनी होना बताया है। सीसीटीवी फुटेज और बच्चे की पर्चे की आधार हमलावर की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शव को भेज दिया है।
दो वर्षीय बालक देव की रिपोर्ट दिखाने आया था आरोपित
चिकित्सक की हत्या करने वाला युवक हत्या के बाद मौके से फरार हो गया। लेकिन चिकित्सक के टेबिल पर उसके साथ दी गई जांच रिपोर्ट रह गई। जांच रिपोर्ट में दो वर्षीय बालक देव का ब्यौरा है। बालक देव का पता या मां या पिता का कोई ब्यौरा नहीं है। पुलिस गंभीर साजिश मानते हुए प्रकरण की जांच में जुटी है।
