बिजनौर शहर में बिछेगा सड़कों-नालियों का जाल, बनेंगे पार्क; सीमा विस्तार वाले इलाकों की बदलेगी सूरत
मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत बिजनौर पालिका परिषद के विस्तारित क्षेत्रों में 11 करोड़ रुपये की लागत से विकास ...और पढ़ें

AI जेनरेटिड फोटो
HighLights
मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत 11 करोड़ का बजट।
बिजनौर पालिका के विस्तारित क्षेत्रों का होगा कायाकल्प।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत पालिका परिषद बिजनौर के विस्तारित क्षेत्र में 11 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प होगा। इस योजना के अंतर्गत इन क्षेत्रों में सड़के, नालियां और पार्क का निर्माण कराया जाएगा।
पालिका परिषद बिजनौर का वर्ष 2020 में सीमा विस्तार हुआ था। सीमा विस्तार के बाद शहर की सीमा में आवास-विकास कालोनी, भरत विहार महादेव पुरम, बिजनाैर चीनी मिल, ग्राम बख्शीवाला, बकली, लडापुरा, घेर फरीदपुर उद्दा, तीवड़ी और घेर रामबाग समेत चक्कर रोड के भीतर स्थित आबादी क्षेत्र को शामिल किया गया था, किंतु प्रारंभिक दौर में इन क्षेत्रों का चहुंमुखी विकास नहीं हो पाया।
इन क्षेत्रों के लोग लगातार सड़कें, स्ट्रीट लाइट, जलनिकासी और पार्क निर्माण की मांग करते आ रहे थे। पालिका प्रशासन ने मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत इन क्षेत्रों के कायाकल्प के लिए 11 करोड़ रुपये की कार्ययोजना मंजूरी के लिए शासन को भेज दी। शासन ने भी इस योजना को मंजूरी दे दी है।
अब इस योजना में विस्तारित क्षेत्र के वार्ड संख्या चार, छह, सात,14,16 और 20 समेत कई अन्य वार्ड में सड़के, नाले-नालियां, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाएगी। वहीं इस योजना के अंतर्गत पार्क बनवाया जाएगा।
पालिका के अधिशासी अधिकारी रामपाल सिंह यादव ने मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना में पालिका के विस्तारित क्षेत्र के कायाकल्प के लिए 11 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि टेेंडर मंजूर होते ही इन क्षेत्रों में विकास कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।
जल संरक्षण का दिया संदेश
बिजनौर: दीपावली पर जल संरक्षण का संदेश देने के लिए जल निगम ग्रामीण द्वारा गांवों में मेरा गांव मेरा जल संकल्प अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित हुए। सभी को जल संरक्षण का संदेश दिया गया।
गांव की महिलाओं ने सार्वजनिक स्थानों पर जल संरक्षण का संदेश देती रंगोली बनाई। साथ ही दीये जलाकर मेरा गांव मेरा जल, जल है तो कल है आदि नारे लिखे। गांव की जल सखियों ने जल की बर्बादी रोकने, जल स्त्रोतों को सुरक्षित रखने, पानी का प्रयोग जिम्मेदारी से करने का संदेश दिया। ग्रामीणों ने पानी की बर्बादी रोकने और दूसरों को भी प्रेरित रखने का संदेश दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।