पिता ने 1.80 लाख में बेचा बच्चा, 6 बेटियों के बाद बेटे की चाहत में कपल ने खरीदा मासूम; बिजनौर में 4 आरोपित गिरफ्तार
Bijnor News: बिजनौर पुलिस ने 1.80 लाख रुपये में आठ माह के बच्चे को बेचने के आरोप में खरीदार दंपती ...और पढ़ें

पुलिस गिरफ्त में आरोपित।
HighLights
आरोपितों की निशानदेही पर बच्चे को बरामद किया।
बच्चे को बरामद कर उसके माता-पिता को सौंपा गया।
संवाद सूत्र, मंडावली (बिजनौर)। आठ माह के बच्चे को 1.80 लाख रुपये में बेचने के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को खरीदार दंपती समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर बच्चे को बरामद कर लिया। उसे स्वजन को सौंप दिया है।
गांव कोटावाली निवासी आराम सिंह पुत्र बदन सिंह ने बुधवार को अपना आठ माह का बच्चा चोरी होने का मुकदमा मंडावली थाने में दर्ज कराया था। पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में शुक्रवार को एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार को क्षेत्र के गांव श्यामीवाला निवासी खुर्शीद पुत्र अब्दुल और शमशेर पुत्र बिंदु, नगीना देहात क्षेत्र के गांव खुशहालपुर मंठेडी निवासी देवराज सिंह और उसकी पत्नी सुनीता को गिरफ्तार किया है।
दंपती के पास से खरीदा गया बच्चा भी बरामद कर लिया है। उसे आराम सिंह और उसकी पत्नी को सौंप दिया है। बच्चे का पिता आराम सिंह गांव श्यामीवाला के रहने वाले खुर्शीद और शमशेर की ई-रिक्शा किराए पर चलाता था। वह ई-रिक्शा खरीदना चाहता था। दोनों ने आराम सिंह को अपने आठ माह का बच्चा बेचने की सलाह दी।
दोनों ने बच्चे का सौदा देवराज और सुनीता को एक लाख 80 हजार रुपये में करा दिया। तीन अक्टूबर 2025 में बच्चे को दंपती को सौंप दिया था। पूछताछ में आरोपित शमशेर और खुर्शीद ने पुलिस को बताया कि आराम सिंह कई वर्षों से ई-रिक्शा किराये पर चलाता था। उसने नया ई-रिक्शा खरीदने के लिए रुपये की जरूरत बताई तो उसे अपने आठ माह के बेटे को बेचने का सुझाव दिया गया।
इसके बाद खरीदार उपलब्ध कराने की बात कही गई। तीन अक्टूबर 2025 को आराम सिंह के आठ माह के बेटे का सौदा 1.80 लाख रुपये में कर दिया गया। बच्चे को नगीना देहात थाना क्षेत्र के ग्राम खुशहालपुर मठेड़ी निवासी देवराज सिंह और उसकी पत्नी सुनीता को सौंप दिया गया था।
एसओ बिजेंद्र सिंह राठी ने बताया कि बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया गया है। आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है।
छह पुत्रियां होने पर दंपती ने खरीदा था बच्चा
पुलिस पूछताछ में देवराज सिंह और उसकी पत्नी सुनीता ने बताया कि उनकी छह पुत्रियां हैं। पुत्र नहीं होने के कारण उन्होंने शमशेर एवं खुर्शीद के माध्यम से बच्चे को 1.80 लाख रुपये में लिया था। बच्चे की तबीयत खराब होने पर उसे ग्राम श्यामीयावाला में अपनी रिश्तेदारी में छोड़ दिया था। आराम सिंह के सात बच्चे हैं। बिकने वाला बच्चा सातवें नंबर का था। उस समय वह आठ माह का था। अब एक साल सात माह का हो गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।