विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंबई से आया फोन- हिंदूओं की गाड़ी में आग लगाकर टेलीग्राम पर भेजो वीडियो, फिर मिलेगा पैसा

Published: Fri, 13 Mar 2026 12:04 PM (IST)

बिजनौर में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस ने किरतपुर से अबुजर नामक युवक को गिरफ्तार किया।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, बिजनौर। आर्थिक मदद के नाम पर जिले में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की साजिश रची जा रही है। पुलिस ने किरतपुर के एक युवक को बुधवार रात गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपित को मदद के नाम पर मुंबई में रहे रहे रिश्तेदार और एक व्यक्ति ने हिंदू समाज के व्यक्ति की गाड़ी में आग लगाकर उसकी वीडियो भेजने को कहा था और रुपये देने का लालच दिया गया था।

गिरफ्तार आरोपित ने चार मार्च को किरतपुर के झंडा चौक पर हिंदू देवी-देवता के नाम लिखी पिकअप गाड़ी में आग लगा दी और वीडियो बनाकर अपने रिश्तेदार को टेलीग्राम पर भेज दी।

सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पुलिस आरोपित तक पहुंच गई। अब पुलिस मुंबई में रह रहे आरोपित रिश्तेदार तक पहुंचने की कोशिश में हैं। उसके बाद सूत्रधार तक पहुंचेगी। पुलिस की एक टीम मुंबई गई है।

आर्थिक तंगी में आ गया था आरोपी

किरतपुर कस्बे के मुहल्ला अफगानान निवासी अबुजर उर्फ राईन पुत्र शमीम अहमद हरियाणा के गुरुग्राम में सैलून की दुकान पर काम करता था। छह माह पहले वह घर आ गया था। इस दौरान वह बीमार रहने लगा। इस वजह से वह आर्थिक तंगी में आ गया।

इलाज के लिए उसे पैसे की जरुरत पड़ी तो उसने अपने मौसेरे भाई किरतपुर के मुहल्ला लुकमानपुरा के रहने वाले जैद पुत्र रहीस से मोबाइल फोन पर बात की और जैद से पांच हजार रुपये मांगे। जैद मुंबई के पनवेल में सैलून की दुकान करता है। जैद ने अबुजर की टेलीग्राम पर अबूबकर नाम के एक व्यक्ति से संपर्क कराया। साथ ही बताया कि अबूबकर मुस्लिम समाज के लोगों की मदद करते हैं।

टेलीग्राम पर बात करते अबूबकर ने कहा कि हिंदू संप्रदाय के लोगों की गाड़ियों में आग लगानी है। ऐसे वाहन हो, जिन पर हिंदू धर्म से जुड़े धार्मिक शब्द लिखें हैं। इसकी वीडियो बनाकर टेलीग्राम पर भेजनी है।

इसके बाद रकम मिलेगी। अबूबकर के उकसाने पर इसी माह चार मार्च को रात सवा दस बजे अबुजर ने किरतपुर में झंडा चौक पर के पास खड़ी पिकअप गाड़ी जिस पर धार्मिक शब्द लिखी गाड़ी का चयन किया और पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग लगने के बाद उसकी वीडियो बनाई।

वीडियो को टेलीग्राम पर जैद को भेज दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो अबुजर की पहचान हुई। पुलिस ने बुधवार को उसे दबोच लिया। हालांकि, आरोपित का कहना है कि उसे अभी तक पैसा नहीं मिला था। अब पुलिस की एक टीम जैद और अबूबकर की तलाश में मुंबई की लिए रवाना हो गई है।

जैद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अबूबकर तक पहुंच पाएगी। घटना के तरीके को देखते हुए स्थानीय और अन्य एजेंसी भी सक्रिय हो गई है। संभावना जताई जा रही है कि इसके पीछे माहौल बिगाड़ने की साजिश है।

दोनों की गिरफ्तारी के बाद बड़ी साजिश का भंडाफोड़ हो सकता है। एएसपी सिटी डा. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि अबुजर को गिरफ्तार किया गया है। मुंबई के किसी अबूबकर के लालच और उकसाने पर उसने गाड़ी पर आग लगाई थी। अन्य की तलाश की जा रही है।