Ganga Expressway : बिजनौर में तहसील सदर और चांदपुर के 56 किसानों ने यूपीडा के पक्ष में कराया बैनामा
बिजनौर में गंगा एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण जारी है, जहाँ रविवार को सदर और चांदपुर तहसील के 56 किसानों ने यूपीडा के पक्ष में अपनी भूमि के बैनामे पंजीकृत कराए। इन किसानों को करोड़ों रुपये का भुगतान मिला, जिसमें महावीर सिंह और अमित कुमार जैसे किसानों ने बड़ी भूमि का बैनामा किया।

चांदपुर तहसील में किसानों को सम्मानित करते तहसीलदार। जागरण
HighLights
बिजनौर में 56 किसानों ने गंगा एक्सप्रेसवे को भूमि बेची।
सदर और चांदपुर तहसील में भूमि बैनामे पंजीकृत हुए।
किसानों को करोड़ों रुपये का प्रतिफल भुगतान किया गया।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। गंगा एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित की गई भूमि के बैनामे पंजीकृत कराए जाने का सिलिसला जारी है। रविवार को तहसील सदर और चांदपुर तहसील क्षेत्र के 56 किसानों ने यूपीडा के पक्ष में बैनामा पंजीकृत कराया।
तहसीलदार सदर आशीष सक्सेना की मौजूदगी में रविवार को सब रजिस्टार कार्यालय में पहुंचे 23 किसानों ने यूपीडा के पक्ष में अपनी 3.61058 हेक्टेयर भूमि का बैनामा पंजीकृत कराया। इन 23 किसानों को प्रतिफल के रूप में दस करोड़ ग्यारह लाख चौरासी हजार आठ सौ आठ रुपये का भुगतान मिलेगा, जबकि इन बैनामों पर 51 लाख 14,470 का स्टांप शुल्क और 10 लाख 14 हजार 970 रुपये निबंधन शुल्क के रूप में जमा किए गए।
तहसीलदार सदर ने बताया कि रविवार को किसान महावीर सिंह ने यूपीडा के पक्ष में 1.6869 हेक्टेयर भूमि का बैनामा किया। किसान महावीर सिंह को प्रतिफल के रूप में तीन करोड़ 84 लाख 61 हजार 320 रुपये का भुगतान मिलेगा। अब तक तहसील सदर क्षेत्र में यूपीडा के पक्ष में 50 बैनामे पंजीकृत हो चुके है।
उधर चांदपुर गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए बैनामा पंजीकरण कराने की रफ्तार बढी है। रविवार को साप्ताहिक अवकाश के बावजूद उपनिबंधक कार्यालय पहुंचे कस्बा चांदपुर के तीन, महमूदपुर कस्बे के चार, पहाडपुर कला उर्फ मलेशिया के चार, ढाकी और जोगीऔंधा के एक-एक, हीमपुर दीपा के दो, उमरीपीर के चार, टूंगरी और हसन महदूद के दो-दो किसानों द्वारा यूपीडा के पक्ष में बैनामे पंजीकृत कराए।
हसन महदूद निवासी किसान अमित कुमार ने द्वारा सबसे अधिक 0.163 हेक्टेएयर भूमि का बैनामा यूपिडा के पक्ष में पंजीकृत किया है। इस दौरान रजिस्ट्रार कार्यालय में तहसीलदार धनराज कुमार भी मौजूद थे।