कृषि कानून के विरोध में भाकियू ने निकाली ट्रैक्टर रैली
जेएनएन बिजनौर। भारतीय किसान यूनियन किरतपुर ने विशाल ट्रैक्टर रैली निकालकर कृषि कानूनो
जेएनएन, बिजनौर। भारतीय किसान यूनियन किरतपुर ने विशाल ट्रैक्टर रैली निकालकर कृषि कानूनों का विरोध किया। ट्रैक्टर रैली को दिल्ली में होने वाली रैली का पूर्वाभ्यास बताया। रविवार को भाकियू कार्यकर्ता अपने ट्रैक्टर के साथ मंडी समिति में एकत्र हुए। भाकियू के जिलाध्यक्ष कुलदीप कुमार ने कहा कि जब तक केंद्र सरकार तीनों कृषि कानून वापस नही लेगी, तब तक किसानों का आंदोलन समाप्त नही होगा। तीनों कृषि कानून किसानों के लिए खतरनाक हैं। केंद्र सरकार को किसानों के हित में तीनों कृषि कानून वापस लेने होंगे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसानों को अपने ट्रैक्टर के साथ 22 जनवरी से दिल्ली कूच करना है। उन्होंने जनपद से दो हजार ट्रैक्टर दिल्ली ले जाने का आह्वान किया। इसके बाद किसानों की विशाल ट्रैक्टर रैली निकाली गई।
रैली बस स्टैंड, जैन चौक, गोरी की मंडी तथा थाने के सामने होकर स्टेशन चौराहे पर समाप्त हुई। रैली का पहला ट्रैक्टर बाजार में घूमकर स्टेशन चौराहे पर पहुंच गया था, लेकिन मंडी समिति से रैली के ट्रैक्टर निकल रहे थे। रैली में युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह, ब्लाक अध्यक्ष अरविद राजपूत, जिला उपाध्यक्ष देवदत्त शर्मा, मुकेश राजपूत, मसरूर शेख, मुकुल राजपूत, मनोज कुमार, सनी, मूला सिंह, बुध सिंह चौहान एवं जयप्रकाश आदि रहे। वहीं, भारतीय किसान यूनियन की विशाल ट्रैक्टर रैली के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लग गया। बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन चौराहे पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि रैली पूरी तरह शांति पूर्वक रही। किसान सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग करते हुए नजर आए।