महंगाई का झटका! घर का बजट होगा बे-पटरी, दूध पर दो से चार रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि
अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है, ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में वृद्धि की घोषणा की।
दूध के दाम 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
इससे आम आदमी का रसोई बजट और मासिक खर्च बढ़ेगा।
संवाद सूत्र, जागरण. नांगलसोती (बिजनौर)। महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी की रसोई का बजट अब और बिगड़ने वाला है। रोजमर्रा की जरूरतों में शामिल दूध के दाम बढ़ने से घरों का मासिक खर्च बढ़ना तय है। अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका दिया है। अलग-अलग श्रेणियों के दूध पर दो से चार रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की गई है। इसका सीधा असर मध्यमवर्गीय और निम्न आय वर्ग के परिवारों की जेब पर पड़ेगा।
दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का असर केवल रोजाना दूध खरीदने तक सीमित नहीं रहेगा। दो लीटर दूध प्रतिदिन इस्तेमाल करने वाले परिवार को महीने में करीब 120 से 240 रुपये तक अतिरिक्त खर्च करने पड़ सकते हैं। वहीं, चार लीटर दूध की दैनिक खपत वाले परिवार का मासिक बजट करीब 480 रुपये तक बढ़ सकता है। जिन घरों में बच्चों और बुजुर्गों के लिए नियमित रूप से दूध की जरूरत होती है, वहां यह बढ़ोतरी और अधिक महसूस होगी। अमूल ने तीन प्रतिशत फैट वाले ताजा दूध की कीमत में दो रुपये और छह प्रतिशत फैट वाले गोल्ड दूध के दाम में चार रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है।
वहीं, मदर डेयरी ने भी अलग-अलग श्रेणियों के दूध की कीमतें बढ़ाई हैं। इसके बाद फुल क्रीम दूध 72 से बढ़कर 76 रुपये, टोंड दूध 60 से बढ़कर 62 रुपये, डबल टोंड दूध 54 से बढ़कर 56 रुपये और गाय का दूध 62 से बढ़कर 65 रुपये प्रति लीटर हो गया है। दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का असर आगे चलकर दुग्ध उत्पादों पर भी दिखाई दे सकता है। पनीर, खोया, घी, दही और मिठाइयों के उत्पादन की लागत बढ़ने से इनके दाम बढ़ने की आशंका है। खासकर शादी-विवाह और अन्य मांगलिक आयोजनों में मिठाइयों एवं दुग्ध उत्पादों की अधिक खपत होती है। ऐसे में दूध महंगा होने का असर आयोजनों के बजट पर भी पड़ सकता है।
दूध विक्रेताओं और उपभोक्ताओं दोनों की बढ़ेगी परेशानी
खुले दूध की कीमतों में बढ़ोतरी से स्थानीय बाजार भी प्रभावित हो सकता है। दूध कारोबारियों का कहना है कि चारा, भूसा और खल आदि की लागत बढ़ने से पशुपालन पहले ही महंगा हो चुका है। ऐसे में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का असर उपभोक्ताओं के साथ कारोबारियों पर भी पड़ रहा है। महंगाई के इस दौर में आम परिवारों के सामने अब रोजमर्रा की जरूरतों और घरेलू खर्च के बीच संतुलन बनाना चुनौती बनता जा रहा है।