पर्यटकों के लिए खुशखबरी: QR कोड स्कैन कर घर बैठे ऑनलाइन बुक करें अमानगढ़ टाइगर रिजर्व का टिकट
Amangarh Tiger Reserve:अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी के लिए अब ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू हो गई है। पर्यटक घर बैठे ही अपनी निर्धारित तिथि और पाली के अनुसार टिकट बुक कर सकते हैं।

अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में बुकिंग के लिए जारी क्यूआर कोड। सौ. वन विभाग और वहां पर्यटकों के सामने से गुजरता हाथी। सौ. एआर रहमान
HighLights
अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में ऑनलाइन जंगल सफारी बुकिंग सुविधा शुरू।
यह सुविधा उत्तर प्रदेश वाइल्ड लाइफ टूरिज्म वेबसाइट पर उपलब्ध।
संवाद सूत्र, रेहड़ (बिजनौर)। अमानगढ़ टाइगर रिजर्व वन रेंज में जंगल सफारी के लिए आने वाले पर्यटकों के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू हाे गई है। अब पर्यटकों को घूमने आने पर अमानगढ़ रेंज के केहरीपुर जंगल स्थित कैंप कार्यालय पर टिकिट के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। वह घर बैठे ही टिकिट बुक कराकर अपनी निर्धारित तिथि व सुबह या शाम की पाली में आराम से आ सकते हैं।
अमानगढ़ रेंज में जंगल सफारी की वर्ष 2022 में शुरूआत हुई थी। तभी से अमानगढ़ रेंज जिला बिजनौर व अन्य प्रदेशों से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित कर रही है। विदेशी पर्यटक भी यहां जंगल सफारी का आनंद लेने आते हैं।
हर वर्ष जून में मानसून शुरू होने के चलते जंगल सफारी को रोक लिया दिया जाता है, जिसके बाद नवंबर में शीतकालीन सत्र की शुरुआत होती है। इस बार भी एक नवंबर से सत्र की शुरुआत हुई है। अभी तक पर्यटकों के लिए आनलाइन टिकिट बुकिंग की सुविधा नहीं थी, लेकिन अब इसकी शुरुआत हो गई है।
कैसे करें बुकिंग
यह बुकिंग उत्तर प्रदेश वाइल्ड लाइफ टूरिस्म की वेबसाइट (https://ecotourism.up.gov.in/)से कर सकते हैं। वेबसाइट पर लाग-इन करने पर उत्तर प्रदेश में स्थित टाइगर रिजर्व की सूची आएगी। जिसमें दुधवा टाइगर रिजर्व, पीलीभीत टाइगर रिजर्व, अमानगढ़ टाइगर रिजर्व और रानीपुर टाइगर रिजर्व सूची में दिखाई देंगे।
इसमें से पर्यटक अमानगढ़ टाइगर रिजर्व को सलेक्ट करके अपना टिकट बुक कर सकते हैं। जिसमें पर्यटकों की कुछ डिटेल जैसे आने की तिथि, पाली(सुबह या शाम), कुल सदस्यों की संख्या आदि की जानकारी मांगी जाएगी।
वन क्षेत्राधिकारी अंकिता किशाेर ने बताया कि अमानगढ़ की आनलाइन बुकिंग शुरू होने से पर्यटकों को घर बैठे टिकट बुक करने में सुविधा मिलेगी। वहीं इसके लिए एक क्यूआर कोड भी जारी किया गया है। जिसे स्कैन करने से सीधे वेबसाइट पर पहुंचकर टिकिट बुक किया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।