अमानगढ़ टाइगर रिजर्व घूमने वालों के लिए खुशखबरी! बिना किराया बढ़े अब नए रूट से अधिक वन्यजीवों के दीदार का मौका
Amangarh Tiger Reserve: अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में पर्यटकों के लिए एक नया जंगल सफारी मार्ग तैयार किया जा रहा है, जिससे वन्यजीवों के अधिक दीदार होने की उम्मीद है।

अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में घूमता बाघ व वाटर होल पर खड़े हाथी। सौ. एआर रहमान
HighLights
अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में पर्यटकों के लिए नया मार्ग तैयार, इसकी मरम्मत भी शुरू।
एक ही रास्ते पर मनुष्यों का दखल बढ़ने पर वन्यजीव दूसरी ओर हो जाते हैं शिफ्ट।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में पर्यटकों को अब वन विभाग ने नए रास्ते से पर्यटकों को ले जाने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। नए रास्ते की मरम्मत भी शुरू करा दी गई है। वहां व्यू लाइन बनाई जा रही है। उम्मीद है कि पर्यटकों को नए रास्ते पर अधिक वन्यजीव दिखेंगे। हालांकि जंगल सफारी के शुल्क में कोई वृद्धि नहीं की गई है।
अमानगढ़ में पर्यटन का पांचवां सत्र चल रहा है। अमानगढ़ में पर्यटकों को ले जाने के लिए केहरीपुर के रास्ते से प्रवेश दिया जाता है। सीधे से रास्ते से ही पर्यटक झीरना गेट तक जाकर लौट आते हैं। जंगल सफारी के ट्रैक पर दो-तीन तालाब भी पड़ते हैं। सबसे अधिक वन्यजीव तालाबों के आसपास ही दिखते हैं।
अमानगढ़ में पर्यटकों को लगातार वन्यजीव दिख रहे हैं। अब तक पर्यटकों को एक ही मार्ग से लाया व ले जाया जा रहा है। वन विभाग नए रास्ते से भी पर्यटकों को जंगल सफारी कराने की तैयारी दो वर्ष से कर रहा था। अब नया रास्ता देख लिया गया है। हालांकि प्रवेश केहरीपुर जंगल के रास्ते से ही दिया जाएगा।
लगभग आधे रास्ते के बाद पुराने ट्रैक के बजाए दूसरे रास्ते से पर्यटकों को ले जाया जाएगा। यहां से वे फिर झीरना गेट पहुंचेंगे। वहां नाश्ता आदि करने के बाद इसी रास्ते से उनकी वापसी होगी। अमानगढ़ में वन गुर्जरों के डेरे भी हैं। हालांकि ऐसे रास्ते का चयन किया गया है जिसमें डेरे न आएं।
इलाका छोड़ जाते हैं वन्यजीव
एक ही रास्ते पर मनुष्यों का दखल बढ़ने पर वन्यजीव दूसरी ओर शिफ्ट हो जाते हैं, यानी इलाका छोड़ने लगते हैं। वे मनुष्यों का दखल पसंद नहीं करते हैं। अमानगढ़ में पर्यटकों की आवाजाही को नियंत्रण में रखा गया है। पर्यटकों को ले जाने के लिए यहां दस गाड़ियां लगी हैं।
इन्होंने कहा
अमानगढ़ में पर्यटकों के लिए दूसरा रास्ता देखा गया है। उसकी मरम्मत आदि का काम किया जा रहा है। व्यू लाइन भी साफ की जा रही है। जल्दी ही नए रास्ते से पर्यटकों को जंगल सफारी कराई जाएगी। फिलहाल जंगल सफारी का शुल्क नहीं बढ़ाया गया है।
जय सिंह कुशवाहा, डीएफओ
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।