खेलो इंडिया खेलो में हॉकी टीम का नेतृत्व कर रही अक्सा
पुणे महाराष्ट्र में चल रही खेलो इंडिया प्रतियोगिता में बिजनौर की अक्शा भारतीय हॉकी टीम अंडर 21 की कप्तानी कर रही है।
बिजनौर : पुणे महाराष्ट्र में चल रही खेलो इंडिया प्रतियोगिता में बिजनौर की अक्शा भारतीय हॉकी टीम (21 वर्ष से कम) का नेतृत्व कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि से जिले के हॉकी प्रेमियों में हर्ष का माहौल है।
मोहल्ला काजीपाड़ा निवासी अक्सा पुत्री मुशब्बर हुसैन को पांच वर्ष की उम्र में ही हॉकी के प्रति लगाव हो गया था। उनके पिता ने उन्हें हॉकी की बारीकियां सिखने के लिए नेहरू स्टेडियम भेजना शुरू कर दिया। परिवार का सहयोग मिला तो अक्सा के हौसलों को पंख लग गए। कोच चित्रा चौहान ने उनके भीतर छिपी प्रतिभा को निखारा। इसके बाद तो अक्सा ने कम उम्र में ही कई नेशनल स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। 2008 में अक्सा मुशब्बर का चयन बाबू केडी ¨सह छात्रावास लखनऊ में हो गया। जहां उनकी खेल प्रतिभा को कोच नीलम सिद्दीकी ने निखारा। फिर तो उन्होंने राज्य स्तर से लेकर स्कूल नेशनल, यूनिवर्सिटी वूमन नेशनल ओपन नेशनल आदि प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उन्होंने देश के लिए खेलने के अपने सपने को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत शुरू कर दी। टीम में उनकी मौजूदगी जीत की गारंटी बन गई। उनके बेहतरीन खेल की बदौलत चयनकर्ताओं ने उन्हें खेलो इंडिया खेलो प्रतियोगिता की अंडर 21 वर्ष महिला टीम के लिए प्रदेश स्तरीय टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी। वर्तमान में अक्सा 20 जनवरी तक पुणे, महाराष्ट्र में चलने वाली महिला हॉकी प्रतियोगिता में कप्तान की भूमिका में नजर आ रही है। अक्सा का लक्ष्य एक दिन भारतीय महिला हॉकी टीम का हिस्सा बनना है।