बसपा संयोजक आकाश आनंद का तंज-भाजपा सरकार 'विज्ञापनी सरकार' है, कांग्रेस-सपा भी एक ही थाली के चट्टे-बट्टे
बसपा संयोजक आकाश आनंद ने अफजलगढ़ में भाजपा सरकार को 'विज्ञापनी सरकार' बताया और सपा-कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने ...और पढ़ें

बढ़ापुर विधानसभा से बसपा से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहीं तान्या नागपाल द्वारा आयोजित जनसभा में बोलते आकाश आनंद। जागरण
HighLights
भाजपा सरकार को 'विज्ञापनी सरकार' बताया, विकास पर सवाल उठाए।
आकाश आनंद ने सपा और कांग्रेस को एक ही थाली के चट्टे-बट्टे कहा।
संवाद सूत्र, जागरण. अफजलगढ़ (बिजनौर)। बहुजन समाज पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद शनिवार को अफजलगढ़ पहुंचे। उन्होंने धामपुर रोड स्थित अब्दुल रज्जाक बाग में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार के साथ-साथ सपा व कांग्रेस को भी घेरा।
आकाश आनंद ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने वंचित समाज के उत्थान व विकास के लिए कोई कदम नहीं उठाया। भाजपा सरकार विज्ञापनी सरकार है। महिला सुरक्षा, रोजगार, विकास के केवल विज्ञापन में नजर आता है। सरकार ने इन सब के बारे में बताने के लिए अपने विज्ञापनों पर पिछले 10 वर्ष में 60 हजार करोड़ रुपये खर्च कर दिए हैं।
आकाश आनंद बढ़ापुर विधानसभा से बसपा से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहीं तान्या नागपाल द्वारा आयोजित जनसभा में पहुंचे थे। उन्होंने प्रदेश में पूर्व में रही मायावती सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि मायावती ने डा. भीमराव आंबेडकर के मानवतावादी व आत्मसम्मान के विचार को आगे बढ़ाते हुए वंचित समाज के उत्थान व नई राजनीतिक ऊर्जा और शक्ति देने का कार्य किया। उन्हीं से प्रेरित होकर वे भी बसपा से जुड़कर अपनी अंतिम सांस तक इसी सोच को आगे बढ़ाते रहेंगे।
आकाश ने भाजपा के अलावा सपा और कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि दोनों एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। आकाश ने बिजनौर के किसानों की समस्याएं उठाते हुए शुगर मिलों द्वारा गन्ना भुगतान, किसानों की खाद व कीटनाशक दवाईयां न मिलने की भी समस्या उठाईं। उन्होंने कहा कि बिजनौर गन्ना व चीनी उत्पादन में प्रदेश में आगे हैं। जिले के जिस किसान की पहचान गन्ने की मिठास है, उसके जीवन में सरकार ने कड़वाहट खोलने का काम किया है।
सरकार ने किसानों से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया है। प्रदेश सरकार पर विज्ञापन छपवाने के पैसे हैं, लेकिन 13 लाख से अधिक सरकारी पद खाली पड़े हैं, वह भरने का पैसा नहीं है। पेपर लीक को रोकने के प्रबंध के लिए पैसा नहीं है। जनता शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार से अधिक कुछ नहीं चाहती है, लेकिन सरकार पिछले दस वर्ष में महिलाओं को सुरक्षा, युवाओं को रोजगार नहीं दे पाई। तान्या नागपाल ने अपने संबोधन में बढ़ापुर से विधायक सुशांत सिंह की खूब आलोचना की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।