महासभा के बाद जाम से ठहर गई रफ्तार
चांदपुर में कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा की किसान महासभा के बाद जाम के चलते जनजीवन ठहर सा गया। हाईवे से लेकर बाजार तक में वाहनों का जाम लगा रहा। इस दौरान ट्रैफिक एवं सिविल पुलिस को जाम खुलवाने के लिए जूझना पड़ा। करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
बिजनौर, जागरण टीम। चांदपुर में कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा की किसान महासभा के बाद जाम के चलते जनजीवन ठहर सा गया। हाईवे से लेकर बाजार तक में वाहनों का जाम लगा रहा। इस दौरान ट्रैफिक एवं सिविल पुलिस को जाम खुलवाने के लिए जूझना पड़ा। करीब दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
करीब दो बजकर 37 मिनट पर जैसे ही प्रियंका वाड्रा का संबोधन पूरा होते ही भीड़ अपने घरों की ओर जाने के लिए निकल पड़ी। इससे हाईवे और शहर की गलियां जाम हो गईं। विशेषकर बिजनौर-बदायूं स्टेट हाईवे पर वाहनों का रेला लग गया। हाईवे पर जाम के चलते लोग बाजार की ओर निकले तो वहां भी जाम लग गया। रामलीला मैदान से धनौरा रोड स्थित रेलवे क्रासिग के पास तो जबरदस्त जाम लगा रहा। वहां यातायात व्यवस्था बनवाने के लिए ट्रैफिक व सिविल पुलिस तैनात रही, लेकिन जाम के झाम के आगे पुलिस बेबस नजर आई। भीषण जाम के चलते लोगों को घंटों तक परेशानी से जूझना पड़ा। बाइपास और धनौरा मार्ग पर बेतरतीब ढंग से गुजरने वाले वाहनों ने सबसे अधिक परेशानी खड़ी कर दी। करीब दो घंटे से अधिक समय बाद वाहनों के निकलने की स्थिति सामान्य हुई। युवा वर्ग में दिखा खासा उत्साह
चांदपुर : कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा का दीदार करने के लिए लोगों का खासा उत्साह दिखाई दिया। महिलाओं के अलावा युवा वर्ग भी उत्साहित रहा। संबोधन के बाद जब उनका काफिला वापस गुजर रहा था, तो लोगों ने पुलिस सुरक्षा को तोड़ने का प्रयास किया और गाड़ी तक जा पहुंचे। हालांकि, बाद में पुलिस ने भीड़ को रोका और किसी तरह व्यवस्था संभाली।