14 और नए कोरोना संक्रमित मिले, एक्टिव केस 196
जनपद में गुरुवार को 14 और नए संक्रमित मिले है जबकि 196 एक्टिव केस है। प्रशासन ने इन पीड़ितों के संपर्क में आए लोगों को चिन्हित करने का काम शुरू कर दिया। अब जिले में 1966 लोगों की रिपोर्ट आनी शेष है।
जेएनएन, बिजनौर। जनपद में गुरुवार को 14 और नए संक्रमित मिले है, जबकि 196 एक्टिव केस है। प्रशासन ने इन पीड़ितों के संपर्क में आए लोगों को चिन्हित करने का काम शुरू कर दिया। अब जिले में 1966 लोगों की रिपोर्ट आनी शेष है।
जिले में दिन-प्रतिदिन कोरोना केस मिलने की वजह से चेन टूटने का नाम नहीं ले रहा है। प्रतिदिन कोरोना संक्रमित मिलने की वजह से स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के हाथ-पांव फूले हुए हैं। गुरुवार को 14 केस मिलने के बाद संक्रमितों की संख्या 3983 हो गई, जबकि 58 व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। वहीं 3729 मरीज ठीक होकर अपने घर वापस लौट आए हैं, जबकि 196 केस एक्टिव केस हैं। अब तक जिले से 2,25,984 लोगों के नमूने जांच को भेजे गए थे, इनमें से 2,24,018 लोगों की रिपोर्ट वापस आ चुकी है। जांच के बाद 2,20,064 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब 1966 लोगों की रिपोर्ट आनी शेष है। सीएमओ डा. विजय कुमार यादव ने गुरुवार को 14 संक्रमितों के मिलने की पुष्टि की है।
सतर्कता बरतना जरूरी
यदि इस दौर में सतर्कता नहीं बरती गई, तो संक्रमण फैल सकता है। कोरोना संक्रमण काल में मुंह पर मास्क लगाने के साथ-साथ शारीरिक दूरी का पालन करना बेहद जरूरी है। उधर, डा. नीरज चौधरी बताते हैं कि कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है।
बढ़ती जनसंख्या देश के लिए बनी समस्या
नजीबाबाद: राष्ट्रीय सशक्त हिदू महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकिशोर बंसल ने जनसंख्या नियंत्रण आदि मुद्दों पर कार्यकर्ताओं से चर्चा की। उन्होंने कहा कि देश हित में जनसंख्या नियंत्रण कानून की आवश्यकता है।
भागूवाला में एक प्रतिष्ठान पर आयोजित बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकिशोर बंसल ने कहा कि देश के लिए बढ़ती जनसंख्या समस्या बन रही है। बढ़ती जनसंख्या के चलते बेरोजगारी बढ़ रही है। जनसंख्या नियंत्रण कानून लाकर इस समस्या से उभरा जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर इन ज्वलंत मुद्दों पर विचार विमर्श करने की सलाह दी। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष पवन भारद्वाज, प्रदेश सचिव मुकेश कुमार, जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष रवि कुमार, जिला सचिव अनुकूल शर्मा, विधानसभा प्रभारी ओम प्रकाश, गजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।