विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भदोही में विधानसभा निर्वाचन नामावली का हुआ आलेख्य प्रकाशन, सौंपी गई साफ्ट कापी

By Ravindra Nath Pandey Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 17 Nov 2026 06:45 PM (IST)

भदोही में विधानसभा निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन किया गया है, जो 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक सार्वजनिक अवलोकन ...और पढ़ें

मतदाता सूची में नामों के सत्यापन व संशोधन के लिए 16 दिसंबर तक मिलेगा अवसर।

मतदाता सूची में नामों के सत्यापन व संशोधन के लिए 16 दिसंबर तक मिलेगा अवसर।

HighLights

  1. विधानसभा निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन भदोही में हुआ।

  2. मतदाता सूची 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक उपलब्ध रहेगी।

  3. दावे और आपत्तियां प्रस्तुत करने के लिए विशेष अभियान।

जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही)। जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विधानसभा निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन किया। कहा यह आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची आमजन के अवलोकनार्थ 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक समस्त मतदान स्थलों, मतदान केंद्रों, तहसीलों, जिला निर्वाचन कार्यालय व ग्रामीण एवं शहरी निकाय केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी।

मतदाता सूची में अपने नाम व अन्य विवरणों का सत्यापन कर आवश्यकतानुसार दावे व आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं। इसके उपरांत उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें आलेख्य मतदाता सूची की मुद्रित प्रति व साफ्ट कापी उपलब्ध कराई।

कहा कि सभी राजनीतिक पार्टियां पुनरीक्षण अवधि में अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय स्थापित करें व मतदाता सूची का सूक्ष्मता से परीक्षण कराएं।

पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने व अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के संबंध में नियमानुसार दावे व आपत्तियां प्रस्तुत कराने में सभी राजनीतिक दल सक्रिय सहयोग करें, जिससे मतदाता सूची को स्वच्छ, शुद्ध व पारदर्शी बनाया जा सके।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी शुभांगी शुक्ला ने कहा कि निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 21, 22, 28 व 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान सभी बीएलओ अपने निर्धारित बूथों पर उपस्थित रहकर आमजन से मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, नाम संशोधन, विलोपन व अन्य संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।