विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाईकोर्ट के आदेश के बाद यूपी पंचायत चुनाव की हलचल तेज, भदोही की 546 ग्राम पंचायतों में इलेक्शन की आहट

Published: Thu, 15 Oct 2026 05:13 PM (IST)

उच्च न्यायालय के आदेश के बाद भदोही जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। जनवरी तक चुनाव होने की संभावना है।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद यूपी पंचायत चुनाव की हलचल तेज।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद यूपी पंचायत चुनाव की हलचल तेज।

HighLights

  1. उच्च न्यायालय के आदेश से पंचायत चुनाव में तेजी।

  2. भदोही में 8081 पदों पर होगा त्रिस्तरीय चुनाव।

  3. जनपद में 30 हजार से अधिक नए मतदाता जुड़े।

जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को तीन माह में कराने को लेकर उच्च न्यायालय की ओर से दिए गए आदेश के बाद ग्राम पंचायतों में हलचल बढ़ गई है। आदेश के बाद जनवरी के अंदर ही चुनाव होने की संभावना है। जिले में ग्राम प्रधान के 546 पदों सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य के कुल 8081 पदों पर चुनाव होना है।

ग्राम प्रधानों का कार्यकाल छह माह पहले ही समाप्त हो चुका था। ग्राम प्रधान प्रशासक के रूप में कार्य देख रहे थे। उनका यह कार्यकाल भी समाप्त होने के कगार पर पहुंच चुका था। ऐसे में चुनाव को लेकर अलग अलग कयास लगाए जा रहे थे। अब न्यायालय के आदेश के बाद चुनाव जल्द होने की संभावना बढ़ गई है।

देखा जाय तो जिले में ग्राम प्रधान के 546 पद, क्षेत्र पंचायत सदस्य 661 पद, ग्राम पंचायत सदस्य पद के 6848 व जिला पंचायत सदस्य के 26 पदों पर चुनाव होना है। इन पदों पर कुल 11,86,237 मतदाता मतदान करेंगे। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 10 जून को ही हो चुका है।

मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, बढ़े है 30,313 मतदाता

त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचक नामावली 2026 का अंतिम प्रकाशन 10 जून को किया जा चुका है। जनपद में कुल 30 हजार 313 नए मतदाता बढ़े हैं।इसी के साथ जिले में मतदेय स्थलों की संख्या में भी वृद्धि की गई है। इस बार 15 नए मतदेय स्थल भी बनाए गए हैं।

पिछले चुनाव के मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या 11,55,924 थी। जो इस बार बढ़कर 11,86,237 हो गई है। इसी तरह जिले के 546 ग्राम पंचायतों में होने वाले चुनाव को लेकर 628 मतदान केंद्र बनाए गए हैं तो 1904 बूथ (मतदेय स्थल) बनाए जाएंगे। पिछले चुनाव के सापेक्ष 15 बूथों की संख्या बढ़ाई गई है। पिछले चुनाव में 1889 बूथ बनाए गए थे।

यह भी पढ़ें- कुशीनगर में संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल, आंदोलन के लिए लखनऊ कूच; रोगियों की बढ़ी परेशानी