अफसरों की टीम ने देखी हकीकत, शासन को भेजेगी रिपोर्ट
शासन की ओर से गठित अफसरों की टीम अंतिम दिन महिला थाना और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं और उनकी समस्याओं से अवगत हुई।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर(भदोही): शासन की ओर से गठित अफसरों की टीम अंतिम दिन महिला थाना और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं और उनकी समस्याओं से अवगत हुई। इसके साथ ही योजनाओं की जानकारी भी। देर शाम टीम जिले से रवाना हो गई। इसके साथ ही 25 अक्टूबर तक टीम शासन को रिपोर्ट भेज देगी।
महिलाओं के लिए संचालित शासन की शीर्ष प्राथमिकता में शामिल योजनाओं का लाभ हकीकत में मिल रहा है अथवा नहीं। इसकी पड़ताल करने के लिए शासन की ओर से दिव्या (आइएफएस), प्रिया सिंह (पीसीएस), वंदना त्रिपाठी(पीसीएस) की टीम ने तीन दिवसीय भ्रमण पर जिले में आई थी। अंतिम दिन अधिकारियों ने महिला थाना का निरीक्षण किया। यहां पर महिलाओं को मिल रही सुरक्षा आदि की जानकारी ली। इसके पश्चात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज की हकीकत देखी। यहां पर चिकित्सक डा. एस.एस यादव से मुख्यमंत्री सुमंगला योजना की जानकारी ली। अस्पताल के वार्डो का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाली बेड देख चिता व्यक्त की। बेड पर चादर न रहने और गंदगी देख चेतावनी दी। महिला प्रसूति वार्ड में एक महिला की नवजात शिशु के परिजनों से सुमंगला योजना की जानकारी दी और उसके नाम एक फार्म भरवाया। टीम ने अव्यवस्था पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया।