फिर से मुंबई जाने वाले यात्रियों की बढ़ी संख्या
जासं भदोही मुंबई सहित अन्य महानगरों को जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या में वृद्धि
जासं, भदोही : मुंबई सहित अन्य महानगरों को जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या में वृद्धि होने से रेल अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। आरक्षण केंद्र पर टिकट निरस्त कराने वालों की संख्या में कमी आई है, जबकि नया आरक्षण भी होने लगा है। मुंबई में हालात सुधरने व संक्रमण की दर में कमी आने के बाद लोग पहले से आरक्षण कराने वाले रवाना होने लगे हैं।
मुंबई, दिल्ली सहित देश के विभिन्न महानगरों में लॉकडाउन के बाद टिकट निरस्त कराने वालों का तांता लग गया था। 20 अप्रैल से 10 मई तक रिफंड के रूप में 32 लाख रुपये वापस किए गए। आरक्षण पर्यवेक्षक सुनील कुमार का कहना है कि पिछले तीन चार दिनों से हालात में सुधार आया है। बताया कि इन दिनों 10 से 15 हजार रुपये की बचत हो रही है जबकि पहले जितना राजस्व आता था, सब रिफंड में चला जाता था। बताया कि मुंबई सहित अन्य महानगरों में संक्रमण की दर में कमी आने के बाद लोग वापसी करने लगे हैं। उधर, मुंबई जाने वाली ट्रेनों में पूर्व की अपेक्षा यात्रियों की संख्या में 20 फीसद वृद्धि हुई है। रेलखंड से चलने वाली कामायनी एक्सप्रेस में भदोही स्टेशन महज 60-65 यात्री सवार होते थे, लेकिन इन दिनों यह संख्या सैकड़ा से अधिक हो गया है।