भदोही में हरे पेड़ों पर खुलेआम चल रही आरी, जिम्मेदार मिले हुए हैं या कोई और लाचारी?
भदोही के खमरिया और मनौवा गांव में लकड़ी माफिया हरे पेड़ों की अवैध कटाई कर रहे हैं, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पेड़ों की कटाई पर रोक लगाने की मांग की है।

भदोही में लकड़ी माफिया द्वारा हरे पेड़ों की अवैध कटाई, जिम्मेदार अधिकारी मौन।
HighLights
खमरिया में लकड़ी माफिया हरे पेड़ों की कटाई कर रहे हैं।
वन विभाग और पुलिस प्रशासन की चुप्पी पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने अवैध कटाई रोकने और कार्रवाई की मांग की।
जागरण संवाददाता, खमरिया (भदोही)। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में लकड़ी माफिया सक्रिय हैं। वन विभाग की सख्ती के बावजूद लकड़ी माफिया बेखौफ होकर हरे पेड़ों पर आरी चला रहे हैं। इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है। नगर पंचायत खमरिया की सीमा से सटे मनौवा ग्राम सभा में शनिवार को दोपहर में हरे पेड़ काटे जा रहे थे।
ग्रामीणों के अनुसार कई दिनों से यहां पेड़ों की कटाई हो रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन हैं। कटे हुए पेड़ों की लकड़ी को ट्रैक्टर व अन्य वाहनों से अन्यत्र भेजा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बिना अनुमति के हो रही कटाई के बाद भी विभागीय कार्रवाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग व पुलिस प्रशासन से जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने व हरे पेड़ों की कटाई पर रोक लगाने की मांग की है।