झमाझम बारिश से राहत संग बढ़ी फजीहत
बारिश के बीच जलनिकासी का अभाव जलजमाव की समस्या का मुख्य कारण बना है। सर्विसलेन इन दिनों झील में बदल गया है जिसके कारण उधर से आवागमन ठप हो गया जबकि पकरी तिराहे स्थित रेलवे फाटक की ओर जाने वाला मार्ग जलजमाव की जद में है। इसके कारण लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। बताते चलें कि राजकीय असपताल विद्युत उपखंड तहसील कार्यालय परिसर में इन दिनों भारी जलजमाव है। उधर इंदिरा मिल चौराहा स्थित सर्विसलेन तालाब में बदल चुका है।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : बारिश का सिलसिला लगातार चल रहा है। इस बीच बुधवार को साफ रहे मौसम संग बढ़ी गर्मी व उमस के बाद गुरुवार को फिर सुबह से ही झमाझम बारिश हो गई। उमस से तो लोगों को राहत मिल गई लेकिन समस्या उतरा गई। जगह-जगह हुए जल जमाव न कीचड ने आवागमन की समस्या खड़ी कर दी। इससे लोग पूरे दिन परेशान रहे। उधर किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। किसान इसे धान फसल के लिए बेहद अनुकूल मान रहे हैं।
सुबह से लेकर दोपहर बाद दो बजे तक होती रही बारिश से ज्ञानपुर नगर स्थित दुर्गागंज रोड तिराहा जलमग्न हो उठा। इसके साथ ही कई अन्य स्थानों पर हुए जलजमाव से लोग परेशान रहे। इसके साथ ही सुबह ही शुरू हो गई बारिश के चलते लोगों के जरूरी कार्य भी प्रभावित हुए।
भदोही प्रतिनिधि के अनुसार : जल निकासी का अभाव भदोही शहर के लिए बड़ी समस्या बन चुका है। गुरुवार को हुई बारिश से हाइवे का सर्विस लेन व पकरी तिराहा स्थित रेलवे फाटक की ओर जाने वाला मार्ग देखते ही देखते भारी जल जमाव से झील में बदल गया। इसके चलते लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा। राजकीय अस्पताल, विद्युत उपखंड कार्यालय, तहसील कार्यालय परिसर में जलजमाव बना है। निकासी का कोई प्रबंध न होने के कारण जैसे जैसे बारिश हो रही है समस्या बढ़ती जा रही है। जल्द ही जल निकासी का प्रबंध नहीं होता तो स्थिति विकट हो जाएगी।