विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भदोही के थाने में सीज वाहन से उतर गया 33 क्विंटल धान, व्यापारी के विरोध पर कोतवाल ने वाहन मालिक से वापस कराया धान

By Ravindra Nath Pandey Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 22 Nov 2026 06:39 PM (IST)

भदोही के औराई कोतवाली में जब्त वाहन से 33 क्विंटल धान मालिक को सौंपने का मामला सामने आया। व्यापारी की शिकायत पर थानाध्यक्ष ने हस्तक्षेप कर धान वापस दिलाया और जांच के आदेश दिए गए।

भदोही थाने में जब्त वाहन से धान गायब, व्यापारी के विरोध पर वापस मिला।

भदोही थाने में जब्त वाहन से धान गायब, व्यापारी के विरोध पर वापस मिला।

HighLights

  1. एआरटीओ द्वारा जब्त वाहन से 33 क्विंटल धान हटाया गया।

  2. व्यापारी की शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया।

  3. थानाध्यक्ष ने हस्तक्षेप कर व्यापारी को उसका धान वापस दिलाया।

जागरण संवाददाता, घोसिया (भदोही)। औराई कोतवाली में शनिवार की देर शाम तक उस समय हलचल मच गई। जब एआरटीओ द्वारा सीज की गई धान लादकर जा रही गाड़ी से पुलिस की मिलीभगत से धान उतरवाकर गाड़ी मालिक को सौंप दिया गया।

इसकी भनक लगते ही धान व्यापारी थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने की बात कही। जिस पर औराई थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने व्यापारी को धान वापस कराते हुए आवश्यक कार्रवाई की बात कही।

घोसिया निवासी व्यापारी किशन कुमार उर्फ मुरली शनिवार को 33 क्विंटल धान कछवां ले जाने के लिए मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खाग्राम निवासी आशीष चौहान के वाहन पर लदवाया था। जिसे खाग्राम निवासी लवकुश चौहान चला रहा था।

कछवां जाते समय औराई चौराहे पर एआरटीओ ने वाहन को ओवरलोड में सीज कर 33 हजार का जुर्माना लगाते हुए धान सहित वाहन कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। जिसकी सूचना मिलने पर आशीष चौहान ने व्यापारी किशन से जुर्माने का आधा पैसा भरने की बात कहीं, लेकिन व्यापारी ने पैसा देने से मना कर दिया।

इसके बाद आशीष चौहान ने औराई कोतवाली के कारखास से बात कर कोतवाली में खड़ी गाड़ी से पूरा धान उतरवाकर अपने घर लेकर चला गया। जिस पर व्यापारी ने कोतवाली में तहरीर देकर गाड़ी मालिक, चालक व सिपाही कारखास पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की बात कही।

इससे कोतवाली में हलचल मच गई। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने आशीष चौहान से 33 क्विंटल धान व्यापारी को वापस कराया। इस संबंध मे क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार सिंह ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।