अब पंख पोर्टल पर विद्यार्थियों को मिलेगी करियर संबंधित सही जानकारी, भदोही के छात्रों ने प्रदर्शित किए शानदार मॉडल
भदोही के विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में करियर गाइडेंस मेले का आयोजन हुआ, जहाँ 'पंख' पोर्टल का शुभारंभ किया गया।

पंख पोर्टल पर विद्यार्थियों को मिलेगी करियर संबंधित सही जानकारी।
HighLights
मां सरस्वती की मूर्ति का अनावरण और करियर मेले का आयोजन।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने 'पंख' पोर्टल का किया शुभारंभ।
विद्यार्थियों ने करियर संबंधी विभिन्न प्रोजेक्ट मॉडल प्रदर्शित किए।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही)। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान मां सरस्वती की मूर्ति का अनावरण व करियर गाइडेंस मेले का आयोजन किया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विद्यार्थियों को मेहनत व लगन के साथ निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कहा समाज में दिन प्रतिदिन शिक्षा का स्तर बढ़ रहा है लेकिन रोजगार के अवसर सीमित होते जा रहे हैं।
समाज में बढ़ते रोजगार के संकट को देखते हुए प्रदेश सरकार ने माध्यमिक शिक्षा विभाग में बच्चों के भविष्य को लेकर आने वाली कठिनाइयों को दूर करने व सही मार्गदर्शन के लिए पंख नामक पोर्टल विकसित किया है। इस पर करियर से संबंधित गाइडेंस बच्चों के द्वारा खुद की यूनिक आइडी व पासवर्ड से लागिन करके प्राप्त की जा सकती है।
विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न तरह के प्रोजेक्ट मॉडल प्रदर्शित किए गए। इनका मुख्य अतिथि ने अवलोकन कर उसके बारे में बच्चों से जानकारी प्राप्त की। संचालन डॉ. हरिश्चंद्र यादव ने किया।
इस दौरान विभिन्न कॉलेजों से आए वक्ताओं ने भी अपने सारगर्भित उद्बोधन से बच्चों का मार्ग प्रशस्त किया। प्रोफेसर रजनीश दुबे, डॉ. राजेश सिंह, डॉ. सुलभ श्रीवास्तव, प्रवक्ता अनामिका, अशोक गुप्ता, डॉ. अजय पांडेय, अरविंद पटेल, आद्याप्रसाद विश्वकर्मा, रमेश सिंह मौजूद रहे।
