पदयात्रा पर निकले सांसद ने टटोली जनता की नब्ज
महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में माननीय गुरुवार को भी अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण कर जनता का हाल जाना। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में माननीय ने गुरुवार को भी अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण कर जनता का हाल जाना। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई। सांसद रमेश बिद ने लक्षापुर से बरदाहा, जगदीशपुर, चौरी बाजार, वेदमानपुर होते हुए करीब 13 किलोमीटर लंबी यात्रा निकाली। इस दौरान उन्होंने पॉलीथिन मुक्त अभियान का संकल्प दिलाया, उनकी यात्रा का स्वागत भदोही विधायक ने किया।
चौरी प्रतिनिधि के अनुसार : क्षेत्र के मानिकपुर में आयोजित चौपाल में सांसद रमेश बिद और विधायक रवींद्रनाथ तिवारी ने ग्रामीणों की समस्या सुनीं। सांसद ने कहा कि देश मजबूत सरकार के हाथों में सुरक्षित है। सरकार ने वह काम भी कर दिखाए जिसे अन्य सरकारों ने 70 वर्षो में करने का साहस नहीं दिखाया। उन्होंने कहा कि गांधी के नाम पर सिर्फ अन्य पार्टियों ने सत्ता हासिल किया जबकि भाजपा राष्ट्रपिता की जयंती को पदयात्रा के रूप में मना रहा है। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक नागेंद्र सिंह, राकेश कुमार और जगदीश बिद आदि पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उधर भदोही विधायक रवीन्द्रनाथ त्रिपाठी ने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में कोई फर्क नही है। लक्षापूर में राजन मिश्रा और चकिया में अनुराग दुबे के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इस मौके पर पप्पू त्रिपाठी, राजन मिश्रा, डंपू सिंह, गोवर्धन राय, संतोष तिवारी व विनोद द्विवेदी आदि थे।
महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार : औराई विधायक दीनानाथ भास्कर कार्यकर्ताओं के संग बाजार में भ्रमण कर लोगों से मिलकर समस्या से रूबरू हुए। महाराजगंज बाजार से चकापुर मार्ग और महाराजगंज बाजार से बसंतपुर मार्ग पर इंटरलॉकिग कराने की घोषणा की। इस मौके पर धनंजय दुबे, दीपक तिवारी, आलोक मिश्रा, बबलू दुबे, दिलीप कनौजिया, लक्ष्मी शंकर मिश्रा, मंडल सोनकर रमाकांत त्रिपाठी आदि थे।