भदोही में कहासुनी के बाद सुसाइड करने रेलवे ट्रैक पर पहुंचा बेटा, बचाने दौड़ी मां की ट्रेन से कटकर मौत
भदोही में बेटे को बचाने के प्रयास में एक मां की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि बेटा घायल हो गया।

शिवकुमारी देवी, फाइल फोटो
HighLights
मां शिवकुमारी राजभर की ट्रेन से कटकर मौत।
बेटा विशाल राजभर घायल, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा।
इंदिरा मिल चौराहे के पास हुई हृदयविदारक घटना।
जागरण संवाददाता, भदोही। भदोही कोतवाली के अंतर्गत इंदिरा मिल चौराहे के समीप गुरुवार की रात लगभग आठ बजे मां बेटे में किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद रेल लाइन की ओर ट्रेन से कटकर आत्महत्या करने को दौड़े बेटे 22 वर्षीय विशाल राजभर को बचाने के लिए दौड़ी मां शिवकुमारी राजभर (आशा कर्मी) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।
जबकि पुत्र घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए विशाल को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा।
चौरी थाना क्षेत्र के चकभुइधर गांव निवासी शिवकुमारी पत्नी रामसागर राजभर की विवाहित पुत्री इंदिरा मिल चौराहा भदोही स्थित आयुष्मान अस्पताल में भर्ती है। जहां उसकी डिलीवरी हुई है। मां व बेटे दोनों अस्पताल में गए थे।
वहीं रात आठ बजे के लगभग किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। इसके पश्चात पुत्र विशाल अस्पताल से निकलकर यह कहते हुए कि वह ट्रेन से कटने जा रहा है, रेल लाइन की ओर जाने लगा। यह देख मां भी उसके पीछे दौड़ पड़ी।
जैसे ही दोनों रेल लाइन पर पहुंचे ट्रेन आ गई। दोनों ट्रेन की चपेट आ गए। इससे मां की की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें- डेटिंग एप 'ग्राइंडर' से लोगों को लूटने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, भदोही के युवक को लूटने के बाद सामने आई करतूत
