बंदियों को दी विधिक जानकारी, सुनी समस्या
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को जिला जेल में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में बंदियों को विधिक जानकारी दी गई। साथ ही उनकी समस्याओं को सुना गया।
जासं, ज्ञानपुर (भदोही) : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को जिला जेल में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में बंदियों को विधिक जानकारी दी गई। साथ ही उनकी समस्याओं को भी सुना गया।
प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव पूर्णिमा सागर ने बंदियों को उनके अधिकार व न्यायालय एवं शासन की ओर से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। बंदियों को बताया कि यदि उनके पास अधिवक्ता नहीं हैं, तो जेलर के माध्यम से प्रार्थना पत्र प्राधिकरण को उपलब्ध कराएं। उन्हें अधिवक्ता से साथ अन्य विधिक सहायता मुहैया कराई जाएगी। एक-एक बंदियों से अलग-अलग बात कर जेल की सुविधाओं व उनकी समस्याओं की जानकारी ली। जेल अधीक्षक को निर्देशित किया बंदियों के खान-पान में कोई लापरवाही न की जाय। शिविर में जेल विजिटर रागिनी तिवारी सहित जेल के अधिकारी-कर्मचारी आदि थे।