पटाखे की गंदगी से बेजार हुए बाजार
जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज के हाइडिल मैदान में लगे पटाखा बाजार में व्याप्त गंदगी की अभी तक सफाई नहीं कराये जाने से नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मैदान में जगह-जगह बिखरे गंदगी के ढेर के कारण जहां लोग सुबह टहल नहीं पा रहे हैं
जागरण संवाददाता, सोनभद्र: जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज के हाइडिल मैदान सहित जनपद के अन्य नगरों में लगे पटाखा बाजार से दीपावली के बाद अब गंदगी का अंबार लग गया है। पटाखा बाजार में व्याप्त गंदगी की अभी तक सफाई न कराये जाने से नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मैदान में जगह-जगह बिखरी गंदगी के ढेर के कारण जहां लोग सुबह टहल नहीं पा रहे हैं वहीं वातावरण भी विषाक्त हो रहा है।
प्रकाश पर्व दीपावली समाप्त हुए दो दिन का समय व्यतीत हो चुका है। इसके बाद भी नगर के हाइडिल मैदान में लगे पटाखा बाजार से उत्पन्न गंदगी को अभी समाप्त नहीं किया जा सका है। मैदान में जगह-जगह पटाखों के अपशिष्टों का ढेर लगा हुआ है। इस समय मैदान चारो तरफ कूड़ा-करकट से पटा पड़ा है। लोगों का कहना है कि सुबह के समय काफी संख्या में लोग जहां मैदान में टहलने जाते हैं वहीं शाम को नगर के भारी संख्या में बच्चे भी मैदान में खेलने के लिए आते हैं। ऐसे में मैदान में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगे होने के कारण नागरिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके साथ ही गंदगी के ढेर के कारण क्षेत्र का वातावरण भी प्रदूषित हो रहा है। लोगों ने नगरपालिका के अधिकारी के साथ ही डीएम का ध्यान आकृष्ट कराते हुए तत्काल मैदान की सफाई कराये जाने की आवाज उठायी है।