भदोही में आचार संहिता के मामले में पूर्व विधायक विजय मिश्र की सजा खारिज
पूर्व विधायक विजय मिश्र को 17 साल पुराने आचार संहिता उल्लंघन मामले में राहत मिली है। एमपी-एमएलए अदालत ने संदेह का लाभ देते हुए निचली अदालत की सजा को खारिज कर दिया।

भदोही आचार संहिता मामले में पूर्व विधायक विजय मिश्र को मिली राहत।
HighLights
पूर्व विधायक विजय मिश्र को आचार संहिता मामले में राहत।
एमपी-एमएलए अदालत ने निचली अदालत की सजा खारिज की।
संदेह का लाभ देकर विजय मिश्र को दोषमुक्त किया।
जागरण संवाददाता, भदोही : एमपी-एमएलए पुष्पा सिंह की अदालत ने शुक्रवार को पूर्व विधायक विजय मिश्र को 17 साल पुराने आचार संहिता के मुकदमे में राहत दी है। संदेह का लाभ देते हुए निचली अदालत की सजा को अपास्त कर दिया। इस मामले में ऊंज थाने में 2009 में प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
विशेष मजिस्ट्रेट एमपी एमएलए प्रथम ने 13 जून 2024 को पूर्व विधायक को इस मामले का दोषी पाते हुए एक महीने की सजा सुनाई थी। इसी सजा के खिलाफ पूर्व विधायक ने ऊपरी अदालत में अपील दाखिल की थी। शुक्रवार को सुनवाई करते हुए अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय एवं एमपी एमएलए पुष्पा सिंह ने आदेश में कहा कि अपील स्वीकार की जाती है और विशेष मजिस्ट्रेट द्वारा पारित आदेश अपास्त किया जाता है।
संदेह का लाभ प्रदान करते हुए धारा 127-ए जन प्रतिनिधित्व अधिनियम से दोषमुक्त किया जाता है। आदेश दिया कि धारा 437 (क) सीआरपीसी के तहत विजय मिश्र एक सप्ताह में 20 हजार रुपये का व्यक्तिगत बंधपत्र और समान धनराशि के दो प्रतिभू संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत करेंगे। मौजूदा समय में वाराणसी की गायिका से दुष्कर्म के मामले में वह आगरा जेल में निरुद्ध है।