मां के दरबार में उमड़ी आस्था
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : वासंतिक नवरात्र के चौथे दिन मंगलवार को आदिशक्ति मां कूष्मांडा की
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : वासंतिक नवरात्र के चौथे दिन मंगलवार को आदिशक्ति मां कूष्मांडा की विधि-विधान से पूजा अर्चना की गई। इस दौरान देवी तंत्रोक्ति और अर्गलास्त्रोत्र से गांव और नगर गुंजायमान रहे। सुबह से ही लगी आस्थावानों की भीड़ कड़ी धूप और उमस के बाद भी आदि शक्ति के एक झलक पाने को बेताब दिखी। इस दिन भगवती श्रृंगार गौरी के दर्शन- पूजन से राजपद में व्याप्त बाधाओं का निराकरण होता है और मनोकामना पूर्ण होती है।
देवी मंदिरों में भक्तों की सुबह से ही लंबी कतार लगी रही। भोर से लगी भक्तों की कतार दोपहर के बाद कुछ कम हुई, लेकिन शाम होते ही एक बार फिर से पूजन- दर्शन को कतार लग गई। पूजन सामग्री से सजी थाल, नारियल, चुनरी के साथ भक्त विधि-विधान से पूजन- अर्चन कर रहे थे। आदिशक्ति के एक झलक पाने के लिए लोग आतुर दिखे। नगर के घोपइला माता मंदिर पर भोर से ही आदि शक्ति के दर्शन को भक्तों की कतार लगी रही। सुरक्षा के मद्देनजर कोई व्यवस्था न होने से महिलाओं को भारी परेशानी उठानी पड़ी। गोपीगंज स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर, काली देवी मंदिर, कबूतरनाथ मंदिर आदि स्थानों पर देवी भक्तों की भीड़ लगी रही। आदि शक्ति की गगनभेदी जयकारे से समूचा क्षेत्र गुंजायमान रहा। महिला-पुरुष दर्शन पूजन कर देवी की स्तुति कर रहे थे। इस दौरान घंटा- घड़ियाल के साथ गगनभेदी जयकरे से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। इसी तरह औराई, महराजगंज, बाबूसराय, ऊंज और सीतामढ़ी आदि क्षेत्रों में स्थित देवी मंदिरों में आस्थावानों की भीड़ लगी रही। नगरीय क्षेत्रों में स्थित देवी मंदिरों के आस-पास साफ-सफाई न होने से भक्तों को गंदगी से ही होकर जाना पड़ रहा है।