नो-इंट्री में घुसा प्रतिबंधित वाहन, जाम ने तड़पाया
एक तरफ पूरा शहर जाम से बिलबिला रहा है तो दूसरी ओर भारी भरकम माल वाहक वाहनों का मुख्य मार्ग आवागमन कोढ़ में खाज साबित हो रहा है। वह ऐसे समय जब यातायात व्यवस्था को लेकर जनपद के उच्चाधिकारी चितन मनन कर रहे हैं। शनिवार की शाम मुख्य मार्ग चकइनायत गली के पास एक ट्रेलर काफी देर तक परेशानी का कारण बना रहा।
जासं, भदोही : जौनपुर-मीरजापुर हाईवे पर हालांकि परेशानी रोज के मुकाबले शनिवार को कम थी, लेकिन शहर जाने वाले मुख्य मार्ग पर शाम पांच बजे प्रतिबंधित माल वाहक के प्रवेश ने एक बार फिर पुलिस को चकरघिन्नी बना दिया। नो-इंट्री में हुए वाहन के प्रवेश के चलते पूरा शहर जाम हो गया। लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। चकनाइत गली के पास पुलिस को ट्राली हटवाने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी, करीब एक घंटे तक शहर परेशान होने को मजबूर हो गया। पुलिस की लापरवाही से हो रहा प्रवेश
बड़े वाहनों के नो-इंट्री में प्रवेश पर पुलिस बेपरवाह है। आए दिन यह समस्या हो रही है। चूंकि त्योहार का वक्त है, इसलिए शाम को जाम से लोग खासे परेशान हुए। जाम की समस्या को बल मिल ही रहा है, साथ में दुर्घटना की आशंका भी है।
----------
आठ घंटे थम गए बनारस-प्रयागराज हाइवे पर पहिए
जासं, औराई (भदोही) : राजमार्ग पर स्थित औराई चौराहे पर निर्माणाधीन अंडरपास पर शनिवार को पिलर चढ़ाने के चल रहे कार्य के चलते बनारस-प्रयागराज हाइवे पर भयंकर जाम लग गया। करीब आठ घंटे तक वाहनों के पहिए थम गए। सुबह छह से दोपहर दो बजे तक यह समस्या यूं ही बरकरार रही। दोपहर में धूप के बीच हर कोई परेशान हो गया। बता दें कि चौराहे पर बन रहे अंडरपास पर पिलर चढ़ाने के लिए एनएचएआइ ने शनिवार को सुबह छह से दोपहर दो बजे तक आवागमन रोकने की अनुमति ली थी। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।