कांग्रेसजनों ने उपवास रहकर किया सांकेतिक विरोध
कांग्रेसजनों की पूरेभान में हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की रिहाई की मांग की गई। राजेश दुबे ने कहा कि लॉकडाउन में परेशान गरीबों की समस्या को उठाने पर उनकी गिरफ्तारी की गई।
जासं, भदोही: प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की रिहाई की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी भदोही एवं युवा कांग्रेसी भदोही के पदाधिकारियों ने बुधवार को उपवास रहकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। लॉकडाउन का पालन करते हुए लोग अपने-अपने घरों में उपवास पर बैठे। इस दौरान प्रदेश सरकार पर तानाशाही का रवैया अपनाने का आरोप लगाया गया। कहा कि बेबस प्रवासी श्रमिकों को सुरक्षित घर पहुंचाने में नाकाम प्रदेश सरकार मनमानी पर उतारू है। पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार दुबे राजन, पंडित दीनानाथ दुबे सहित सुरेशचंद मिश्रा, नाजिम अली, उपेंद्र कुमार भारती सहित अन्य पदाधिकारियों ने उपवास रहकर गिरफ्तारी पर विरोध जताया। इसी तरह कांग्रेसजनों की पूरेभान में हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की रिहाई की मांग की गई। राजेश दुबे ने कहा कि लॉकडाउन में परेशान गरीबों की समस्या को उठाने पर उनकी गिरफ्तारी की गई। इसी तरह माबूद खान ने भी प्रदेश सरकार के तानाशाही वह संविधान विरोधी नीतियों पर विरोध दर्ज कराया। प्रदेश अजय कुमार की रिहाई तथा मजदूरों, श्रमिकों को मानदेय देने की मांग की।