विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भदोही में दूर होगा संकट, जिले को एक हजार टन और डीएपी आवंटित

By Mohammad Ibrahim Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 23 Nov 2026 05:52 PM (IST)

भदोही में रबी फसल की बुवाई के दौरान डीएपी खाद की कमी दूर होने वाली है। जिले को मीरजापुर और वाराणसी रैक प्वाइंट से कुल 1000 टन डीएपी आवंटित की गई है, जो जल्द ही समितियों के माध्यम से किसानों को वितरित की जाएगी।

मीरजापुर से आएगी पांच सौ टन तो दो दिन में वाराणसी रैक से मिलेगी पांच सौ टन डीएपी।

मीरजापुर से आएगी पांच सौ टन तो दो दिन में वाराणसी रैक से मिलेगी पांच सौ टन डीएपी।

HighLights

  1. भदोही में रबी फसल के लिए डीएपी खाद की कमी दूर होगी।

  2. जिले को मीरजापुर और वाराणसी से 1000 टन डीएपी आवंटित।

  3. आवंटित खाद समितियों द्वारा किसानों को जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।

जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही)। रबी अभियान की प्रमुख गेहूं सहित अन्य फसल की शुरू हुई बोआई के साथ डीएपी को लेकर गहराया संकट दूर होने की उम्मीद जगने लगी है। जिले में मीरजापुर रैक प्वाइंट से पांच सौ टन और डीएपी आज यानी मंगलवार को सुबह आ जाएगी तो एक दो दिन में वाराणसी रैक प्वाइंट से भी पांच सौ टन आवंटित डीएपी आ जाएगी। इसे समितियों पर भेजकर वितरण सुनिश्चित कराया जाएगा। इससे किसानों को राहत मिलेगी।

दरअसल, गेहूं की बोआई शुरू होते ही किसानों में डीएपी को लेकर मारामारी मचने लगी। किसान समितियों पर कतार लगाने को विवश हो रहे हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन डीएपी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने में जुटा है। जिला कृषि अधिकारी ईरम मिर्जा ने बताया कि रबी वर्ष 2026-27 में सहकारी समितियों व निजी क्षेत्र की दुकानों से 4841 टन डीएपी वितरण का लक्ष्य तय है।

इसी तरह एमओपी का लक्ष्य 170 टन व एनपीके का लक्ष्य 1584 टन निर्धारित है। बताया कि इसके सापेक्ष 5584 टन डीएपी, 130 टन एमओपी और 1360 टन एनपीके की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। बताया कि सोमवार को 500 टन डीएपी इफको का प्रेषण मीरजापुर रैक प्वाइंट से किया गया है। जो मंगलवार को सुबह तक आ जाएगी।

जिसे समितियों पर भेजकर वितरित कराया जाएगा। इसी तरह 500 टन डीएपी शिवपुर रैक प्वाइंट से भी प्राप्त हो रही है। जो एक दो दिन में आ जाएगी। बताया कि किसानों को डीएपी को लेकर परेशान नहीं होने दिया जाएगा। इसी तरह सहायक निबंधक सहकारिता रामप्रकाश ने बताया कि मीरजापुर व शिवपुर वाराणसी रैक प्वाइंट से मिलने वाले पांच-पांच सौ टन डीएपी के बाद संकट दूर हो जाएगा।

कंट्रोल कक्ष में दर्ज कराएं शिकायत
उर्वरक को लेकर किसी तरह की शिकायत दर्ज कराने के लिए कंट्रोल कक्ष स्थापित कर दिया गया है। जिला कृषि अधिकारी ईरम मिर्जा ने बताया कि कंट्रोल कक्ष का मोबाइल फोन नंबर 9794691952 है। कहा कि उर्वरक की अधिक मूल्य वसूली, कालाबाजारी से लेकर किसी तरह की शिकायत इस पर दर्ज कराई जा सकती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।