विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भदोही में उपभोक्ता आयोग ने लुफ्थांसा जर्मन एयर लाइन पर लगाया दो लाख रुपये जुर्माना

By Mohammad Ibrahim Edited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 15 Nov 2026 06:01 PM (IST)

भदोही जिला उपभोक्ता आयोग ने हवाई यात्रा के दौरान बैग गुम होने के मामले में लुफ्थांसा जर्मन एयरलाइन पर दो ...और पढ़ें

भदोही उपभोक्ता आयोग ने लुफ्थांसा एयरलाइन पर गुम बैग के लिए दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया।

भदोही उपभोक्ता आयोग ने लुफ्थांसा एयरलाइन पर गुम बैग के लिए दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया।

HighLights

  1. लुफ्थांसा पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

  2. गुम सामान के लिए 1.56 लाख रुपये देने का आदेश।

  3. कालीन कारोबारी मोहम्मद दानिश को मिला न्याय।

जागरण संवाददाता, भदोही। हवाई यात्रा के दौरान गुम हुए बैग के मामले जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने लुफ्थांसा जर्मन एयर लाइन पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। वहीं 10 लाख रुपये वाद व्यय देने के साथ ही पीड़ित के गुम सामान की कुल कीमत एक लाख 56 हजार 198 रुपये देने का भी आदेश दिया।

जिला उपभोक्ता आयोग के रीडर स्वतंत्र रावत ने बताया कि भदोही के बाजार सलावत खां निवासी कालीन कारोबारी मोहम्मद दानिश ने याचिका दाखिल कर अवगत कराया कि वह 11 जनवरी 2024 से 14 जनवरी 2024 तक जर्मनी के हनोवर में आयोजित डोमोटेक्स अंतरराष्ट्रीय कालीन मेले में प्रतिभाग करने गए थे।

उन्होंने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नई दिल्ली से हैम्बर्ग के लिए लुफ्थांसा जर्मन एयरलाइन से यात्रा की। उन्होंने सामान के दो बैग जमा किए थे। हैम्बर्ग में उतरने के बाद उन्हें एक बैग (टैग नंबर एल.एच. 504293) वापस नहीं मिला। बताया कि बैग में ऊनी कालीन के सेंपल और अन्य सामान थे। दानिश ने 11 जनवरी 2024 और 13 जनवरी 2024 को ईमेल के माध्यम से प्रापर्टी इररेगुलैरिटी रिपोर्ट (पीआईआर.) दर्ज कराई।

एयरलाइन ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। जबकि कालीन मेले में सेंपल न दिखा पाने के कारण उन्हें अनुमानित 37 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। जिसके बाद उन्होंने 10 नवंबर 2025 को उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कराई। उपभोक्ता आयोग ने कंपनी को नोटिस भेजा तो एयरलाइन कंपनी ने कहा कि दानिश व्यावसायिक गतिविधि के लिए यात्रा कर रहे थे, लेकिन आयोग ने पाया कि एयरलाइन अपने दावे के समर्थन में कोई दस्तावेजी साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सकी।

आयोग ने निष्कर्ष निकाला कि एयरलाइन द्वारा सेवा में कमी करते हुए उपभोक्ता को क्षति पहुंचाई गई। आयोग के चेयरमैन न्यायाधीश संजय कुमार डे व विजय बहादुर सिंह की पीठ ने मान्ट्रियल समझौते के तहत गुमशुदा बैग के लिए 1,56,198 रुपये की क्षतिपूर्ति तय की। कोर्ट ने इसे 11 जनवरी 2024 से निर्णय की तिथि तक छह प्रतिशथ वार्षिक साधारण ब्याज के साथ देने का आदेश दिया।

वहीं सेवा में कमी के कारण हुई क्षति के लिए एयरलाइन को दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। जबकि 10 हजार रुपये वाद-व्यय के रूप में देने का आदेश दिया। कोर्ट ने कहा कि एयरलाइन कंपनी तीन माह के भीतर आदेश का पालन नहीं करती है, तो उसे पूरी राशि पर नौ प्रतिशत वार्षिक साधारण ब्याज देना होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।