नोटबंदी के विरोध में सड़क पर उतरे कांग्रेसी
भाजपा सरकार द्वारा की गई नोट बंदी के विरोध में सोमवार को सड़क पर उतरे कांग्रेसजनों ने प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि नोटबंदी के बर्बाद हुए व्यापारी आज तक नहीं उबर पाए हैं।
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : भाजपा सरकार द्वारा की गई नोट बंदी के विरोध में सोमवार को सड़क पर उतरे कांग्रेसजनों ने प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि नोटबंदी के चलते बर्बाद हुए व्यापारी आज तक नहीं उबर पाए हैं। इसके साथ सरकार के इस निर्णय ने छोटे-छोटे व्यवसायियों तक की कमर तोड़ दी है तो वहीं विकास कार्य पूरी तरह प्रभावित हो चुका है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा. नीलम मिश्र के नेतृत्व में पार्टी कार्यालय पर जुटे कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए ज्ञानपुर नगर के दुर्गागंज रोड त्रिमुहानी पहुंचे। जहां भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने हिटलरी फरमान जारी करके नोटबंदी थोप दी थी। इससे देश की जनता, व्यापारी, मजदूर और विशेष रूप से महिलाएं बहुत ही परेशान हुई। सरकार के इस निर्णय से हुई कैश किल्लत से जगह-जगह कई लोग काल के गाल में समा गए। नोटबंदी का असर अभी भी देश में व्याप्त है। कई लघु एवं छोटे उद्योग बंद हो चुके हैं। व्यापारी बेहाल हैं तो भारतीय अर्थव्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुका है। महगांई घटने के बजाय बेतहाशा बढ़ती जा रही हैं जिससे आम आदमी के लिए घर-गृहस्थी का संचालन करना भारी पड़ रहा है। प्रदर्शन में सुरेश उपाध्याय, संजीव दुबे, लवकुश नारायण मिश्र, गुलजारीलाल, राजेश पांडेय, प्रेमबिहारी उपाध्याय, अनुपम उपाध्याय आदि थे।