लेखपालों पर हो रहे हमले को लेकर खोला मोर्चा
कन्नौज में साथियों पर जानलेवा हमला होने को लेकर लेखपालों ने बुधवार को तहसीलों में जोरदार प्रदर्शन किया। चेताया कि जब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती है तब तक लेखपाल कामकाज ठप कर विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे।
जागरण संवाददाता,ज्ञानपुर(भदोही): कन्नौज में साथियों पर जानलेवा हमला होने को लेकर लेखपालों ने बुधवार को तहसीलों में जोरदार प्रदर्शन किया। चेताया कि जब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती है तब तक लेखपाल कामकाज ठप कर विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कनौज में अधिवक्ताओं ने जबरिया रिपोर्ट लगवाने के लिए महिला लेखपाल पर दबाव बनाया और उसे मारपीट की गई। बचाव में आई दूसरी महिला लेखपाल के साथ अभद्रता की गई। इसके पश्चात सैकड़ों अधिवक्ता एकजुट होकर लेखपालों पर हमला कर दिया गया। तहसील सभागार में बंधक बनाकर रखा गया। लेखपालों के विरोध पर प्राथमिकी तो दर्ज की गई लेकिन अभी तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की गई। सुरक्षा की व्यवस्था की मांग करने पर भी अधिकारियों ने एक नहीं सुनी। दूसरे दिन प्रदर्शन कर रहे लेखपालों पर भी हमला कर दिया गया। कहा कि पूरे प्रदेश में लेखपाल कार्य बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में रमाशंकर यादव, रामवृक्ष भारतीय, ओंकारनाथ, रामनरायन प्रजापति, संजय कुमार, रमापति सिंह आदि थे।