भदोही में मोबाइल रिपेयरिंग के दौरान चुराया प्राइवेट वीडियो, 2 साल तक ब्लैकमेल कर महिला का यौन शोषण
भदोही में मोबाइल मरम्मत के दौरान निजी वीडियो निकालकर एक महिला को दो साल तक ब्लैकमेल कर यौन शोषण किया ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
मोबाइल मरम्मत के दौरान निजी वीडियो निकाले गए।
महिला को दो साल तक ब्लैकमेल कर यौन शोषण।
छह आरोपितों पर मुकदमा, मुख्य आरोपी फरार।
जागरण संवाददाता, भदोही। मोबाइल फोन की मरम्मत के दौरान निजी वीडियो निकालकर एक महिला को ब्लैकमेल करने और करीब दो साल तक यौन शोषण करने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत और वीडियो के स्क्रीनशाट के आधार पर पुलिस ने मोबाइल रिपेयरिंग दुकान के मालिक देवी लाल और चिकित्सक डा. धीरज बिंद समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
आरोपितों में अजय चौहान, अजय बिंद, त्रिभुवन बिंद और कुलदीप बिंद भी शामिल हैं। पुलिस ने बीएनएस की धारा 351(3) (आपराधिक धमकी), 352 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान करना) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के प्रविधानों के तहत कार्रवाई की है।सुरियावां थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि महिला ने जनवरी 2024 में उसने अपना मोबाइल फोन देवी लाल की दुकान पर मरम्मत के लिए दिया था।
क्या है आरोप?
आरोप है कि इसी दौरान फोन से उसके निजी वीडियो निकाल लिए गए। इन वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया गया और उसका यौन शोषण किया गया। विरोध करने या पुलिस के पास जाने पर आरोपितों ने उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। महिला का आरोप है कि उसने शुरुआत में भी पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसी दौरान उसका एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया था। पुलिस के अनुसार, इस वर्ष 28 अगस्त को कुलदीप कुमार बिंद ने वीडियो फिर से प्रसारित किया।
यह भी पढ़ें- यूपी में घर खरीदने वालों की हुई मौज, RERA ने 8 जिलों के लिए 1226 करोड़ की परियोजनाओं को दी मंजूरी
इसके बाद चिकित्सक डा. धीरज कुमार बिंद ने भी बार-बार वीडियो प्रसारित किए और महिला पर यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डाला। पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम टीम के पहुंचने से पहले ही देवी लाल दुकान बंद कर फरार हो गया। सभी आरोपितों की तलाश की जा रही है।
